जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बड़े कारोबारी घरानों में छिपे काले धन को बाहर निकालने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आय कर विभाग ने पिछले दिनों देश के प्रमुख होटल समूह भारत होटल्स के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी में विदेश में ग्रुप के एक हजार करोड़ रुपये की बेनामी संपत्तियों का पता चला है। यह ग्रुप देश-विदेश में 'द ललित' ब्रांड नाम से लग्जरी होटल चलाता है। दिल्ली में भी इसका एक होटल है। भारत होटल्स ग्रुप ने हाल ही में देश में भारी निवेश करने की घोषणा की थी।ग्रुप की प्रबंध निदेशक (एमडी) ज्योत्सना सूरी का भारत के उद्योग जगत में अलग रसूख है और वह प्रमुख उद्योग चैंबर फिक्की की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वह सरकार की तरफ से गठित कई समितियों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में छापेमारी की जानकारी दी गई है, लेकिन होटल समूह का नाम नहीं बताया गया है।बयान में कहा गया है कि हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के एक प्रमुख ग्रुप के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 13 परिसंपत्तियों पर छापेमारी की गई है। इसमें 24.93 करोड़ रुपये की बेनामी परिसंपत्तियां बरामद की गई हैं, जिसमें 71.3 लाख रुपये नकद, 23 करोड़ रुपये के गहने और 1.2 करोड़ रुपये की घडि़यां शामिल हैं। छापेमारी में मिले दस्तावेजों से ग्रुप के विदेश में बैंकों में रखे गए अरबों रुपये के कालेधन का पता चला है।इस ग्रुप ने 20वीं सदी के आखिरी दशक से ही टैक्स हैवेन समझे जाने वाले देशों में ट्रस्ट बना कर अपनी काली कमाई को ठिकाने लगाना शुरू कर दिया था। ये ट्रस्ट इस तरह से विदेशों में पैसा जमा कराते हैं कि इसके असली मालिक या प्रमोटर का पता दशकों तक नहीं लगता है। कई देशों में निवेश होने और असली प्रमोटर को छिपाने के कई रास्ते आजमाए गए हैं।ग्रुप के प्रमुख प्रमोटर ने अपने एक करीबी रिश्तेदार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस ट्रस्ट मुखिया बना रखा है। वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक अब इस समूह के काले कारनामों पर से पर्दा हट गया है। कंपनी का ब्रिटेन में एक होटल है और कई अन्य परिसंपत्तियों में भी ग्रुप ने निवेश किया है। यूएई में भी इसी तरह का निवेश किया गया है।Posted By: Sanjeev Tiwariडाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran January 24, 2020 14:37 UTC