जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : गाजीपुर इलाके में प्रॉपर्टी में साझेदार बनाने का झांसा देकर बदमाशों ने पहले कारोबारी को एक जगह बुलाया। फिर उसका दस लाख रुपये से भरा बैग कार में रखवाया और उसे लेकर फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी सुभाष चंद की शिकायत पर गाजीपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक सुभाष चंद परिवार समेत मयूर विहार फेस-3 की जीडी कॉलोनी में रहते हैं। उनका प्रॉपर्टी का कारोबार है। राजवीर कॉलोनी में रहने वाली एक महिला उनके साथ ऑनलाइन का काम करती है। करीब 18-20 दिन पहले उनके पास उत्तराखंड के रहने वाले देवेंद्र नामक शख्स की कॉल आई थी। उसने उन्हें बताया था कि वह प्रॉपर्टी का कारोबार करता है, जिसमें प्रिया और विपिन उनके साझेदार हैं। यह भी बताया था कि उनकी नोएडा में एक संपत्ति को लेकर सौदेबाजी चल रही है। देवेंद्र ने सुभाष को नोएडा की इस संपत्ति में साझेदार बनने का प्रस्ताव दिया। उसने दावा किया कि इसमें पैसा निवेश करने पर मोटा मुनाफा होगा। सुभाष ने अपने साथ काम करने वाली महिला से चर्चा कर प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और पैसा निवेश करने को तैयार हो गए। देवेंद्र ने उन्हें नोएडा आने के लिए कहा। सुभाष छोटी दीवाली की शाम को महिला के साथ दस लाख रुपये लेकर नोएडा के लिए चलने लगे। इसी दौरान देवेंद्र का कॉल आई कि कार में एक साथ चलते हैं। शाम करीब 5:30 बजे राजवीर कॉलोनी के मंदिर के करीब देवेंद्र अपने साथियों के साथ सफेद कार में वहां आया। उन्होंने सुभाष से पहले बैग कार में रखवा लिया। इससे पहले वह अपनी महिला सहयोगी के साथ बैठ पाते, देवेंद्र व उसके साथी कार लेकर फरार हो गए।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran November 15, 2020 16:30 UTC