क्या रही सेल कम होने की वजह दिवाली पर रिटेलर्स की सेल दो खास वजहों से कम रही। पहला ये कि लोग कोरोना की वजह से अभी भी बाहर निकल कर शॉपिंग करने से बच रहे हैं। ऐसे में वह ऑनलाइन शॉपिंग को तरजीह दे रहे हैं। गांव के लोग तो फिर भी काफी हद तक ऑनलाइन बाजार जा रहे हैं लेकिन अपर मिडिल क्लास तो अधिकतर काम घर बैठे ऑनलाइन ही कर रहे हैं। वहीं ऑनलाइन शॉपिंग पर ऐमजॉन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों ने तमाम तरह के ऑफर देकर भी ग्राहकों को लुभाया। ऑफलाइन सेल कम होने की दूसरी बड़ी वजह ये रही कि तमाम ब्रैंड्स की तरफ से स्मार्टफोन की उपलब्धता ही सुनिश्चित नहीं की जा सकी, जिसके चलते दुकान में ग्राहकों को फोन मिला ही नहीं, तो वे खरीदते क्या।ऑनलाइन बाजार ने बिगाड़ा खेल ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अरविंदर खुराना के अनुसार इस बार पिछली दिवाली की तुलना में ओवरऑल मेनलाइन बिजनेस करीब 50 फीसदी कम रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत से बैंकों ने ऑनलाइन शॉपिंग पर 10 फीसदी का जो डिस्काउंट दिया था, उससे भी ग्राहक छिटके हैं। पिछले साल दिवाली और दशहरा के दौरान करीब 1.4 करोड़ स्मार्टफोन बिके थे, जिसमें 65 लाख ऑनलाइन बिके थे। टेकआर्क फर्म की रिपोर्ट के अनुसार इस साल ऐमजॉन और फ्लिपकार्ट पर करीब 1.5 करोड़ स्मार्टफोन बेचे जाने की बात सामने आ रही है।
Source: Navbharat Times November 17, 2020 09:30 UTC