मुख्यमंत्री ने कहा था, एनआरसी लागू हुआ तो मनोज तिवारी होंगे दिल्ली से बाहर जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) पर मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल के बयान के खिलाफ घोंडा में भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा था कि दिल्ली में एनआरसी लागू हुआ तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी बाहर हो जाएंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि एनआरसी बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए है। केजरीवाल ने इस तरह का बयान देकर मनोज तिवारी ही नहीं बल्कि राजधानी में रहने वाले पूर्वाचल के लोगों का भी अपमान किया है। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी पड़ेगी।पूर्व विधायक भीष्म शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पांचवां पुश्ता, गामड़ी रोड पर केजरीवाल के पुतले के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान आप सरकार और केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री का पुतला जलाया गया।भीष्म शर्मा ने कहा कि केजरीवाल ने देश के लोकप्रिय नेताओं में शुमार मनोज तिवारी का अपमान किया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से दूसरी बार सांसद चुने गए और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री ने राजधानी में रहने वाले पूर्वाचल के लोगों का अपमान किया है। उन्होंने पूर्वाचल के लोगों की तुलना अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों से की है। पूर्वाचल के लोगों ने ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाया और आज वह उनका अपमान कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें सबक सिखाएगी। प्रदर्शन में पहुंचे भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के लोगों के बीच नफरत फैलाना चाहते हैं। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी पड़ेगी।प्रदर्शन में पूर्व पार्षद राजकुमारी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र बेलवाल, रोहताश, विनोद, महेंद्र पाराशर, प्रमोद चौधरी, मोहन शर्मा, राज सिंह, बिशन सिंह पाल, अजीत चौधरी, चौधरी महेंद्र गजे सिंह, मुन्नीलाल तिवारी, अरविद कश्यप, बलबीर परमार, मनोज, राकेश पारचा, ललित चौधरी मौजूद रहे।Posted By: Jagranअब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Source: Dainik Jagran September 29, 2019 15:11 UTC