जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : द्वारका साउथ थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर दूसरे के खाते से पैसे निकालने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी में पुलिस को खुद पीड़ित की मदद मिली। पीड़ित को जैसे ही मामले की भनक लगी, उन्होंने दोनों को पकड़े रखा और मामले से पुलिस को अवगत कराया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से पुलिस ने तीन कार्ड बरामद किए। मामले की तहकीकात जारी है। आरोपितों की पहचान प्रदीप व विपिन के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार द्वारका निवासी अशोक कुमार सरकारी नौकरी करते हैं। रविवार रात वह पत्नी के साथ सब्जी लेने बाजार गए थे। पैसे नहीं होने पर सेक्टर आठ स्थित एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने गए। एक मशीन पर दो युवक खड़े थे, तभी अशोक दूसरी मशीन से पैसे निकालने गए। लेकिन दोनों युवकों ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि उस मशीन में पैसा जमा होता है। इसके बाद अशोक दूसरे मशीन से पैसे निकालकर कार्ड को अपने जैकेट की जेब में रखकर पैसे की गिनती करने लगे। गिनती के बाद वह जैसे ही एटीएम से बाहर निकले, उनके मोबाइल पर 20 हजार रुपये की निकासी का संदेश आया। इसके बाद उन्होंने तत्काल ही जेब से एटीएम कार्ड गायब पाया। गड़बड़ी की आशंका के बीच वे तत्काल एटीएम के पास आये। तभी उन्होंने देखा कि दोनों युवक रुपये निकालकर वहां से जा रहे हैं। अशोक ने फौरन उन दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ करने लगे। इसके बाद दोनों युवक वहां से भागने लगे। अशोक के शोर मचाने पर वहां गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और कांस्टेबल रामखिलाड़ी ने दोनों भाग रहे युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 20 हजार रुपये, पीड़ित के एटीएम के अलावा तीन अन्य एटीएम कार्ड मिले। आरोपितों ने एटीएम में ठगी करने की बात कबूल की है।शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप
Source: Dainik Jagran December 28, 2020 15:22 UTC