जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली :मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र में दस साल के मासूम की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। इसके बाद शव तालाब में फेंक दिया। यही नहीं आरोपित ने शव को पेट्रोल डालकर जलाने का भी प्रयास किया था। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद हत्यारोपित को दबोच लिया। पूछताछ के आरोपित ने बताया कि वह बच्चे की मां से शादी करना चाहता था। इसलिए उसे रास्ते से हटा दिया।दक्षिणी जिले के पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 28 नवंबर को संजय कालोनी निवासी महिला ने मैदानगढ़ी पुलिस को शिकायत दी थी कि शाम चार बजे से उनका 10 वर्षीय बेटा लापता है। बच्चे के माता-पिता कुछ साल पहले अलग हो गए थे। बच्चे की कस्टडी मां के पास थी, लेकिन बच्चे को कई बार पिता अपने साथ अपने घर ले जाते थे। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। 24 दिसंबर को मासूम का शव मैदानगढ़ी गांव के पास जंगल के एक तालाब में सड़ी-गली अवस्था में मिला। जांच में पुलिस को संजय कालोनी के ही बिट्टू नाम के एक शख्स के बारे में जानकारी मिली। इस पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वह टूट गया और जुर्म कुबूल कर लिया। सीरियल देखकर रची नृशंस हत्या की साजिशआरोपित ने बताया कि उसने टीवी सीरियल देखकर हत्या की साजिश रची थी। 28 नवंबर की शाम चार बजे वह बच्चे को कुछ खिलाने के बहाने फतेहपुरबेरी ले गया। वहां से ग्रामीण सेवा से वह उसे मैदानगढ़ी के जंगल में ले गया और बोला कि वह उसके लिए नए कपड़े खरीदेगा। जंगल में मौका देखकर उसने गमछे से गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी। इसके बाद कीचड़ भरे तालाब में शव फेंककर महिला के पास आ गया। फिर बच्चे की मां के साथ मिलकर उसे तलाशने का दिखावा करने लगा। बिट्टू अगले दिन तालाब पर अकेले गया तो देखा शव दूर से ही दिख रहा था। इस पर उसने पेट्रोल पंप से 50 रुपये का पेट्रोल खरीदा और वापस तालाब आकर शव जलाने का प्रयास किया। कम पेट्रोल व कपड़े गीले होने के कारण शव नहीं जला सका तो उसने शव पत्थरों के नीचे छुपा दिया और घर चला गया। वह अगले दिन फिर गया और शव के कपड़े उतारकर शव को प्लास्टिक के बैग में भरकर दोबारा तालाब में फेंक दिया। माता-पिता के अलग होने पर बेटा लग रहा था बाधाबिट्टू बच्चे की मां का बचपन का दोस्त है और वह उससे शादी भी करना चाहता था, लेकिन उसकी शादी कहीं और कर दी गई। दो साल पहले जब महिला अपने पति से अलग होकर मायके में रहने आ गई तो बिट्टू ने एक बार फिर से उससे दोस्ती बढ़ानी शुरू कर दी। बिट्टू ने कुछ समय पहले महिला को शादी का प्रस्ताव दिया था लेकिन महिला ने उसे साफ मना कर दिया। बिट्टू को लगने लगा बच्चे के कारण उसने शादी से मना किया है। इसलिए उसने बच्चे को रास्ते से हटा दिया।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran December 25, 2020 20:36 UTC