ऐपल ने बीते दिनों अपनी डिवेलपर्स कॉन्फ्रेंस WWDC 2019 में नए iOS अपडेट से पर्दा उठाया। नए iOS 13 में यूजर्स को ऐपल डिवाइसेज पर कई बेहतरीन फीचर्स मिलने वाले हैं, जिनके बारे में कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी गई। आईफोन मेकर कंपनी ने अपने डिवाइसेज के लिए iSO, मैकओएस, वॉचओएस और टीवीओएस के अपडेटेड वर्जन रोलआउट किए हैं। iPadOS के डेमो के दौरान स्टेज पर फर्म ने अनाउंस किया कि iOS 13 में यूजर्स को माउस सपॉर्ट भी मिलेगा।माउस सपॉर्ट वैसे तो आईपैड जैसे डिवाइस की बड़ी स्क्रीन्स के लिए समझ आता है, लेकिन आईफोन्स की छोटी स्क्रीन्स के लिए कंपनी ने माउस सपॉर्ट दिया है तो इसकी एक खास वजह है। बहुत से फैन्स ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आईफोन के लिए माउस सपॉर्ट की कोई जरूरत नहीं थी। इन फैन्स को जवाब देते हुए ऐपल ने खास वजह बताई है। ऐपल ने फ्रीलान्स टेक रिपोर्टर स्टीवन अक्वीनो से बताया कि इसका मकसद आईफोन्स को ज्यादा ऐक्सेसबल बनाना है।अक्वीनो के मुताबिक, ऐपल माउस सपॉर्ट को केवल एक ऐक्सेसबिलिटी फीचर के तौर पर अपने डिवाइसेज में लेकर आया है। कंपनी जानती है कि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए नहीं है और इसे खासतौर पर उनके लिए लाया गया है जो अपनी खास जरूरतों के चलते 'बिना माउस, जॉयस्टिक या एक्सटर्नल डिवाइस' के डिवाइस ऐक्सेस नहीं कर सकते। वहीं, एक और डिवेलपर ने बताया कि आईफोन्स में यह फीचर 'AssistiveTouch' मेन्यू में दिया गया है, जो इसके मकसद को भी स्पष्ट कर देता है।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह सच है कि ऐपल आईफोन्स और आईपैड्स अब माउस सपॉर्ट करें लेकिन कंपनी की ओर से कोई ऑफिशल लिस्ट जारी नहीं की गई है कि कौन से डिवाइस इसके लिए कंपैटिबल हैं। ऐपल की मानें तो कंपनी पिछले करीब दो साल से टच-बेस्ड ऑपरेटिंग सिस्टम iOS13 और iPadOS पर काम कर रही थी। माउस सपॉर्ट बेशक सभी के काम का न हो लेकिन एक बड़ा यूजर सेगमेंट है, जिसे इसकी जरूरत थी। नया ओएस ऐपल डिवाइसेज में सितंबर तक रोलआउट किया जा सकता है।
Source: Navbharat Times June 10, 2019 08:44 UTC