वाराणसी (ब्यूरो)। दो दिन पूर्व हुई वर्षा के बाद दिन तो शुष्क हो रहे लेकिन पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उधर से आ रही ठंडी हवा ने मौसम को फिर ठंड की ओर धकेल दिया है। गुरुवार को छह से 12 किमी प्रति घंटा के वेग से चली बर्फीली हवा ने दोपहर के पूर्व खिली धूप की तासीर को कम कर दिया और गलन का प्रभाव बढ़ा दिया। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि शुक्रवार व शनिवार को फिर से घना से उथला कोहरा छा सकता है। रविवार-सोमवार को फिर बादल आएंगे जो मंगलवार तक बरस सकते हैं। इस बीच बादलों की वजह से तापमान थोड़ा बढ़ेगा लेकिन मंगलवार के बाद बादल छटते ही फिर तापमान में गिरावट आरंभ हो जाएगी।गुरुवार की सुबह से लगभग 11:30 बजे तक धुंध छाई रही। इसके बाद सूर्य की चमक दिखी तो धूप भी खिली लेकिन तभी छह किमी प्रति घंटा के वेग से चल रही बर्फीली पछुआ की गति 12 किमी प्रति घंटा हो गई। इससे धूप की प्रखरता जाती रही और वातावरण में गलन प्रभावी होने लगी। इससे गलन भरी ठंड का प्रभाव पूरे दिन बना रहा जो शाम होने के साथ बढ़ने लगा था।भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ विज्ञानी डा। अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही बर्फ़बारी वाले पहाड़ी क्षेत्रों से ठंडी एवं शुष्क उत्तरी-पश्चिमी हवाएं आ रही हैं। इनके प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में प्रभावी गिरावट दर्ज की गई है। बाबतपुर क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटां में 2.2 डिग्री सेल्सिसय कम हो गया और सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे 22.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 12 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा।डा। सिंह ने बताया कि फिलहल कोई अन्य सक्रिय मौसम तंत्र न होने के कारण आगामी 31 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में थोड़ी और गिरावट होगी तथा वायुमंडलीय स्थिरता बढ़ने से कोहरे में वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद पुन: पहुंच रहे एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक से तीन फरवरी के दौरान प्रदेश में बारिश होने तथा तापमान में 2-4° सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने और कोहरे में कमी आने की संभावना है। इसके बाद चार फरवरी से तापमान में फिर गिरावट शुरू होगी। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो। मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ शनिवार को आएगा, तापमान गिराएगा और सोमवार दोपहर से मंगलवार तक वर्षा हो सकती है.
Source: Dainik Jagran January 30, 2026 07:00 UTC