स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप के बीच भारत के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला गरजा। अर्जुन तेंदुलकर ने भी तूफानी पारी खेली। वैभव ने डीवाई पाटिल टी20 कप में डीवाई पाटिल ब्लू टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय नौसेना के खिलाफ 19 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेली। आईपीएल 2026 से पहले उन्होंने सभी टीमों को चेतावनी दी है।घरेलू डीवाई पाटिल टी20 कप में वैभव ने अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखा। इंडियन नेवी द्वारा निर्धारित 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डीवाई पाटिल ब्लू की ओर से ओपनिंग करते हुए उन्होंने पहले ओवर में ही चार गेंदों पर 16 रन बनाए और मात्र 12 गेंदों में 43 रन तक पहुंच गए।वैभव ने पांचवें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मात्र 14 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की। वैभव ने एक और छक्का लगाया और फिर मात्र 19 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने सात चौके और पांच छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 331.58 रहा।भारतीय नौसेना की ओर से सर्विसेज के कुंवर पाठक ने 53 गेंदों में 87 रन बनाए। कप्तान सूरज वशिष्ठ ने 9 गेंदों में 13 रन, शुभम रोहिल्ला ने 7 गेंदों में 15 रन, नितिन तंवर ने 31 गेंदों में 57 रन बनाकर नाबाद रहे। विकेटकीपर नकुल शर्मा ने 5 गेंदों में 15 रन बनाए।अर्जुन रहे मैच के हीरो वैभव के अलावा यश ढुल ने 8 गेंदों में 12 रन, सरफराज खान ने 19 गेंदों में 27 रन, कप्तान शशांक सिंह ने 12 गेंदों में 20 रन, आनंद बैस ने 24 गेंदों में 35 रन बनाकर नाबाद रहे। अर्जुन तेंदुलकर ने 29 गेंदों पर 55* रन बनाए। अर्जुन ने 1 विकेट भी लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।वैभव ने अपनी निडर और आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की नींद उड़ा रखी है। उन्होंने सबसे पहले 2025 आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में तूफानी शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वह सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने। आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी बनाया।वैभव ने अंडर-19 टीम में जगह बनाई, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। 25 युवा वनडे मैचों में उन्होंने 56.48 के औसत और 165.72 के स्ट्राइक रेट से 1,412 रन बनाए। उन्होंने चार शतक और सात अर्धशतक लगाए। अंडर-19 विश्व कप फाइनल में सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई।
Source: Dainik Jagran February 26, 2026 13:31 UTC