Republic Day 2020: राजपथ पर CRPF की डेयरडेविल्स ने दिखाया हैरतअंगेज करतब, देखें वीडियोनई दिल्ली, एएनआइ। 71वें गणतंत्र दिवस (71st Republic Day) के मौके पर इस बार नारी शक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की महिला बाइकर्स ने अपने साहसिक करतब से लोगों का दिल जीत लिया। सीआरपीएफ की इन बाइकर्स को 'महिला डेयरडेविल्स' के नाम से जाना जाता है। इससे पहले राजपथ पर सीमा सुरक्षा बल के जवान करतब किया करते थें।गणतंत्र दिवस परेड में सीआरपीएफ की कुल 65 महिलाओं ने 18 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 (Royal Enfield Classic 350) बाइक्स पर 9 स्टंट किए।महिला डेयरडेविल्स टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर सीमा नाग कर रही थीं, जिन्होंने एक चलती मोटरसाइकिल के ऊपर खड़े होकर सलामी दी।हेड कांस्टेबल मीना चौधरी ने मोटरसाइकिल पर खुद को आश्चर्यजनक रूप से संतुलित करते हुए अपने दोनों हाथों में दो 9 मिमी पिस्तौल दागने के लिए तैयार स्थिति को प्रदर्शित किया।इसके बाद, एक मोटरसाइकिल पर अलग ड्रेस पहनी हुई पांच डेयरडेविल्स ने स्वयं को संतुलित करते हुए लोगों का मन मोह लिया। इसका नेतृत्व हेड कांस्टेबल आशा कुमारी कर रही थीं।उनके पीछे एक बाइक पर पांच डेयरडेविल्स जिसमें से तीन ने अलग-अलग दिशाओं में अपनी राइफलों से निशाना साधा हुआ करतब दिखाया। इस हैरतअंगेज करतब को देखकर लोगों ने दांतों तले अंगुली दबा ली। बाइक को सुजाता गोस्वामी चला रही थीं।उसके बाद पांच बाइक पर सीआरपीए डेयरडेविल्स की 21 महिलाओं ने ह्यूमन पिरामिड बनाया। हाथ में भारत का झंडा लिए हुए अमिता कुमारी इसका नेतृत्व कर रही थीं।परेड से पहले सीआरपीएफ की इंस्पेक्टर सीमा नाग ने कहा कि हम लंबे समय से गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा होने का इंतजार कर रहे थे। हम सभी बहुत उत्साहित हैं। हम में से कई लोग छुट्टी पर थे, लेकिन हमने अभ्यास के कारण छुट्टियों को रद्द कर दिया।CRPF की एक अन्य महिला डेयरडेविल्स प्रतिमा बेहरा ने कहा था, 'यह सपने के सच होने जैसा है। यह हमारे लिए गर्व का पल है। मैं छुट्टियों में घर पर थी, लेकिन जब मुझे इस बारे में पता चला तो मैंने अपनी छुट्टियों को रद्द कर दिया।Posted By: Manish Pandeyडाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran January 26, 2020 07:11 UTC