भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। सांगवी इलाके में साइबर अपराधियों ने ठगी के मामले को अंजाम दिया है, जहां खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर एक महिला से 69 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। यह घटना 13 फरवरी से 17 मार्च के बीच हुई, जिसके बाद पीड़िता ने सांगवी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले महिला के आधार नंबर का दुरुपयोग करते हुए उसके नाम पर एक फर्जी सिम कार्ड जारी कराया। इस सिम के जरिए अश्लील फोटो, वीडियो और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए, जिससे महिला की सामाजिक छवि खराब हो और उस पर मानसिक दबाव बनाया जा सके।इसके बाद आरोपी ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर महिला से संपर्क किया। उसने महिला को बताया कि उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग समेत गंभीर अपराधों की जांच चल रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। इस डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला से मामले को सेटल करने के नाम पर पैसों की मांग की। डरी हुई महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और अलग-अलग बैंक खातों व माध्यमों के जरिए कुल 69 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ, तब उसने पुलिस की शरण ली।सांगवी पुलिस ने इस मामले में एक मोबाइल नंबर, बैंक खाता धारक और सुबोध राव नामक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Source: Dainik Bhaskar March 21, 2026 13:36 UTC