भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। पिंपरी चिंचवड़ मनपा चुनाव से पहले शहर की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार और भाजपा विधायक महेश लांडगे आमने-सामने आ गए हैं। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर अजित पवार लगातार महेश लांडगे पर निशाना साध रहे हैं। इधर, आरोपों का खंडन करने के बजाय विधायक लांडगे ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए पवार के लिए तू-तड़ाक की भाषा में पलटवार किया। इसी के साथ सियासी गलियारों में भूचाल आ गया है।गुरुवार रात पिंपरीगांव की जनसभा में भाजपा विधायक महेश लांडगे ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आरोपों का जवाब देने की कोशिश में उनके लिए तू-तड़ाक की भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार हमेशा कहते हैं कि इसका करेक्ट कार्यक्रम करेंगे। अरे, यह हमारा करेक्ट कार्यक्रम करेगा, तो हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं।महेश लांडगे की टीका-टिप्पणी, खुलेआम धमकियां और व्यक्तिगत हमलों ने विवाद को और उग्र बना दिया है। हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम होने के बावजूद भाजपा के स्थानीय दिग्गज नेताओं में शुमार शहर अध्यक्ष योगेश बहल, चुनाव प्रमुख विलास लांडे, अजीत गवहाने और विधायक अण्णा बनसोड़े पूरी तरह खामोश नजर आ रहे हैं। उनकी चुप्पी अब राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गई है। वहीं पुणे की तेजतर्रार राष्ट्रवादी नेत्री रूपाली ठोंबरे ने महेश लांडगे को उन्हीं की भाषा में जवाब देते हुए तीखे शब्दों का प्रयोग किया, जिससे सियासी तापमान और बढ़ गया। राष्ट्रवादी के विधायक अमोल मिटकरी ने भी सीधे हमला बोलते हुए महेश लांडगे की पात्रता पर सवाल उठाए।शहर में जहां एक ओर आरोप-प्रत्यारोप की झड़ी लगी है, वहीं भाजपा के स्थानीय नेतृत्व की चुप्पी को लेकर आम नागरिकों में सवाल उठने लगे हैं। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या राष्ट्रवादी के स्थानीय नेता दबाव में हैं या फिर महेश लांडगे के साथ उनकी कोई सांठ-गांठ है। मनपा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे यह सियासी संघर्ष और तीखा होने के संकेत दे रहा है। अजित पवार के आक्रामक आरोप, महेश लांडगे की तीखी भाषा और स्थानीय नेताओं की रहस्यमयी चुप्पी के बीच पिंपरी चिंचवड़ की राजनीति निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। आने वाले दिनों में यह टकराव चुनावी समीकरणों को किस तरह प्रभावित करेगा, इस पर पूरे महाराष्ट्र की नजरें टिकी हुई हैं।
Source: Dainik Bhaskar January 10, 2026 16:14 UTC