भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा है कि कचरा, ट्रैफिक जाम, टूटी सड़कें, पानी की किल्लत और अपराध जैसी पांच प्रमुख समस्याएं पुणे के लिए चेतावनी (अलार्म) हैं। मनपा में केवल चुनिंदा लोगों को टेंडर दिए जाते हैं, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।पवार की उपस्थिति में बुधवार को पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ मनपा चुनावों के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से 'एक अलार्म, पांच काम' अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत पुणे में गड्ढे, कचरा, अपराध और पानी की किल्लत जैसे मुद्दों पर रैप सांग लांच किया गया। इसके माध्यम से भाजपा के कामकाज की आलोचना की गई है। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह गाना विशेष रूप से पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के स्थानीय प्रशासन के बारे में है, न कि राज्य या केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर।प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए अभियानपवार ने बताया कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ मनपा की विफलता सामने लाने और प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए यह गाना लांच किया गया है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि प्रशासन में उनके अनुभव का लाभ जनता को मिलेगा और वे सभी समस्याओं को हल करके दिखाएंगे। उन्होंने जोर दिया कि जब तक पांच मुख्य समस्याओं को दूर नहीं किया जाता, तब तक नागरिकों का जीवन सुगम नहीं होगा।पुणे और पिंपरी में समस्याओं का अंबारअजित पवार ने कहा कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में नागरिक समस्याएं अत्यंत गंभीर रूप ले चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मैंने कई वार्डों में रोड शो किए हैं, जहां संबंधित उम्मीदवार भी मेरे साथ थे। हमें नागरिकों की ओर से बहुत उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और अब इस जनसमर्थन को मतदान में बदलना जरूरी है। आज पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। पांचों मोर्चों पर हमें युद्ध स्तर पर काम करना है। शहर में टैंकर माफिया का गिरोह सक्रिय है। कचरा समय पर नहीं उठाया जा रहा, जिसका खामियाजा नागरिकों को रोज भुगतना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्रशासन की कई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। पुणे के नागरिक व्यवस्था की चक्की में पिस रहे हैं। पानी का वितरण गलत तरीके से किया जा रहा है और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर साफ करने के लिए 12,350 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, फिर भी सड़कों पर कचरा दिखाई देता है। पुणे में हवा की गुणवत्ता गिर रही है, लोग प्रदूषित हवा में सांस ले रहे हैं। कुत्तों की नसबंदी का दावा किया गया, लेकिन 20 हजार लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। अजित पवार ने जोर देकर कहा कि समस्याओं को दूर करना और शहरों की व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाना ही उनकी प्राथमिकता है। इन स्थितियों को सुधारने के लिए ही राकांपा और सहयोगी दलों ने 'एक अलार्म, पांच काम' की संकल्पना पेश की है।10 को जारी होगा घोषणा पत्रपवार ने घोषणा की कि वे केवल कमियां नहीं गिनाएंगे, बल्कि समाधान भी देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी 10 जनवरी को घोषणा पत्र जारी करेगी। हम पुणेकर को विश्वास दिलाते हैं कि हमारे पास रुके हुए कामों को शुरू करने और समस्याओं को जड़ से खत्म करने की ताकत है।
Source: Dainik Bhaskar January 08, 2026 20:40 UTC