भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें हडपसर क्षेत्र के भोसलेनगर में रहने वाले 75 वर्षीय डॉक्टर को शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर 12 करोड़ 31 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इस मामले में साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, जनवरी महीने में डॉक्टर के मोबाइल पर एक संदेश आया था, जिसमें शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। ठगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताते हुए डॉक्टर से संपर्क बढ़ाया और उन्हें अलग-अलग निवेश योजनाओं की जानकारी दी। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए फर्जी प्लेटफॉर्म पर मुनाफा भी दिखाया गया।धीरे-धीरे डॉक्टर उनके झांसे में आ गए और पिछले तीन महीनों के दौरान अलग-अलग समय पर कुल 12.31 करोड़ रुपए विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जब डॉक्टर ने अपने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने संपर्क बंद कर दिया और कोई पैसा वापस नहीं मिला।ठगी का एहसास होने पर डॉक्टर ने तुरंत साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। साथ ही संबंधित बैंकों से जानकारी जुटाई जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar April 08, 2026 02:04 UTC