भास्कर न्यूज, पुणे। वानवडी इलाके में गुरुवार सुबह गंगा सैटेलाइट सोसाइटी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भैरोबा नाले में जा गिरी। संयोगवश मौके पर मौजूद एक सैन्य अधिकारी की सतर्कता और साहस से कार चालक की जान बच गई।नाले पर बने पुल के पास पहुंचते ही कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया। पुल के उस हिस्से में सुरक्षा रेलिंग न होने के कारण कार सीधे नीचे नाले में गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।कार नाले में गिरने के बाद उसमें फंस गई थी और चालक बाहर निकल पाने में असमर्थ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक सैन्य अधिकारी ने बिना समय गंवाए कार की खिड़की का शीशा तोड़ा और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार प्रवीण जैन के नाम पर पंजीकृत है। वानवडी बाजार पुलिस चौकी के उप-निरीक्षक बाबासाहेब वाकडे ने बताया कि इस घटना को लेकर फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही कोई मामला दर्ज हुआ है। चालक पूरी तरह सुरक्षित है।
Source: Dainik Bhaskar February 06, 2026 10:02 UTC