पड़ोसी का झगड़ा छुड़ाना पड़ा महंगारिपोर्टर, मुंबई: पंत नगर पुलिस ने 32 साल के एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर पड़ोसियों के घर को जलाने का आरोप है। आरोपी का नाम अशोक शर्मा है। शर्मा पर आरोप है कि वह नशे में अक्सर पत्नी को प्रताड़ित करता था। उस दौरान पड़ोसी उसकी पत्नी को बचाने के लिए आ जाते थे। पड़ोसियों द्वारा किए गए बीच-बचाव से शर्मा बुरा मान जाता और उनसे झगड़ने लगता था। हद तो तब हो गई, जब 26 अप्रैल को शर्मा ने पड़ोसियों के घर को जलाने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते अग्निशमन विभाग के लोग मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पा लिया गया।-------------नालासोपारा में तीन बांग्लादेशी गिरफ्तारनिसं, नालासोपारा: पालघर एसएस ब्रांच (अनैतिक मानवी वाहतुक शाखा) की टीम ने मंगलवार शाम नालासोपारा के टाकीपाडा इलाके में छापेमारी के दौरान तीन बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम 5 बजे पालघर एसएस ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि टाकीपाडा स्थित सारा अपार्टमेंट में कुछ बांग्लादेशी अवैध रूप से रह रहे हैं। सूचना के बाद टीम ने एक फ्लैट पर छापामार कर विपुल यूनुस मियां (24) नाजीर हुसैन इस्माइल शेख (22) व सुमय्या यास्मीन इदरिश अली (24) को गिरफ्तार किया है।-------------कंटेनर ने बाइक सवार को कुचलानिसं, वसई: वालीव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कामन-भिवंडी रोड पर मंगलवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, संतोष भुवन स्थित वालईपाडा निवासी राधेश्याम विजय बहादुर यादव (57) मंगलवार की दोपहर 3 बजे अपनी बाइक से कामन रोड से चिंचोटी की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह भजनलाल तबेला के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे जोरदार ठोकर मार दी।-------------व्यक्ति पर जानलेवा हमला, आरोपी फरारनिसं, वसई: वसई स्टेशन के फुटब्रिज पर मंगलवार की शाम एक व्यक्ति पर अज्ञात शख्स ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी शख्स फरार हो गया, इस हमले में व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, वसई निवासी समीर मर्चेंट (45) वसई स्टेशन के फुटब्रिज से जा रहा था। इस दौरान एक अज्ञात शख्स ने बर्फ कटर से मर्चेंट के हाथ, पीठ, पेट व शरीर पर कई वार कर दिए।-------------महिला ने युवक पर फेंका खौलता पानीनिसं, वसई: वालीव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के चिंचोटी इलाके में मामूली विवाद को लेकर एक महिला ने युवक पर खौलता पानी फेंक दिया, साथ ही महिला के साथ अन्य तीन लोगों ने उसकी जमकर पिटाई भी कर दी। इस हमले में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। उसका शताब्दी अस्पताल ने इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मीरा रोड निवासी दीपांकर रंतदेव तिवारी (33) रिक्शा चालक है। सोमवार की सुबह 10 बजे वह चिंचोटी स्थित पाटीलपाडा अपने रूम पर आया था। यहां उसका सुनीता देवनारायण त्रिपाठी नामक महिला से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। महिला ने खौलता पानी उसकी पीठ पर फेंक दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।-------------कार का कांच तोड़कर एक लाख नकदी चोरीनिसं, वसई: वालीव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एवरशाइन सिटी इलाके में मंगलवार दोपहर अज्ञात चोरों ने एक कार का कांच तोड़कर उसने रखी एक लाख नकदी चुरा ली। जानकारी के अनुसार, खानीवडे गांव निवासी विजय महादु खिलारे (24) आईसीआईसीआई बैंक से एक लाख रुपये निकाले और अपनी कार की पिछली सीट पर रख दिए। उसने कार बैंक के बाहर पार्क की और पास स्थित महिंद्रा कोटक बैंक में चेक डिपॉजिट करने चला गया, इस दौरान अज्ञात चोरों ने कार का कांच तोड़कर एक लाख नकदी लेकर फरार हो गए।-------------मोबाइल चोर ने मनपाकर्मी पर किया ब्लेड से वारनिसं, विरार: फूलपाडा इलाके में एक मोबाइल चोर ने मनपाकर्मी पर ब्लेड से वार कर दिया। इस हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गया है। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, सांताक्रुज स्थित वाकोला निवासी सुनील आसाराम पांडे (40) वसई विरार मनपा में ठेके पर काम करता है। वह मनपा तालाब के पास था। इस दौरान एक युवक आया और उसकी जेब से मोबाइल छीनने लगा, जब पांडे ने विरोध किया, तो उसने ब्लेड से पांडे पीठ पर वार कर दिया।
Source: Navbharat Times May 02, 2019 03:01 UTC