Chowk Bazar, Maharajganj : चौक क्षेत्र में नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन बुधवार को सर्व शिक्षा अभियान के तहत मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का भास्कर संवाददाता द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में अलग-अलग स्थिति देखने को मिली। कहीं विद्यालय निर्धारित समय के बाद खुले, तो कहीं छात्र संख्या बेहद कम नजर आई।निरीक्षण की शुरुआत पूर्व माध्यमिक विद्यालय दरहटा से की गई। सुबह 8:08 बजे विद्यालय का गेट बंद मिला और ताला लगा हुआ था। इस दौरान कुछ बच्चे विद्यालय के बाहर खड़े होकर शिक्षक के आने का इंतजार कर रहे थे। थोड़ी देर बाद शिक्षक भी मौके पर पहुंचे।इसके बाद प्राथमिक विद्यालय परसा राजा का निरीक्षण 8:10 बजे किया गया, जहां विद्यालय बंद मिला और उस समय न तो कोई अध्यापक और न ही कोई छात्र उपस्थित था।प्राथमिक विद्यालय दरहटा में 8:07 बजे पहुंचने पर विद्यालय खुला मिला। यहां कुछ शिक्षक और बच्चे उपस्थित थे तथा पढ़ाई की तैयारी होती दिखाई दी।इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय पकड़ियार खुर्द का निरीक्षण 8:13 बजे किया गया। यहां विद्यालय खुला मिला, शिक्षक मौजूद थे, लेकिन छात्रों की संख्या बहुत कम दिखाई दी।अंत में प्राथमिक विद्यालय नगर पंचायत चौक वार्ड नंबर-15 का निरीक्षण 8:26 बजे किया गया। विद्यालय खुला था और अध्यापक मौजूद थे, लेकिन छात्र संख्या नाममात्र ही दिखाई दी।
Source: Dainik Bhaskar April 01, 2026 15:11 UTC