MPPSC SET परीक्षा में गड़बड़ी पर विवाद, भोपाल केंद्र से उठे सवाल - News Summed Up

MPPSC SET परीक्षा में गड़बड़ी पर विवाद, भोपाल केंद्र से उठे सवाल


भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET) 2025 के दौरान परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भोपाल के कमला नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल केंद्र पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को पहले से टिक लगे प्रश्नपत्र और आंसर शीट मिलने का आरोप सामने आया है। उम्मीदवारों ने इसे परीक्षा की निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जांच और पुनर्परीक्षा की मांग की है।रविवार दोपहर आयोजित परीक्षा में केंद्र पर लगभग 300 में से करीब 150 परीक्षार्थियों को ऐसे प्रश्नपत्र मिले जिनमें कई उत्तर पहले से चिह्नित बताए गए। कुछ अभ्यर्थियों का दावा है कि आंसर शीट पर पूर्व उपयोग के संकेत और अन्य परीक्षार्थियों के नाम-रोल नंबर दर्ज थे। इस स्थिति के विरोध में परीक्षार्थियों ने केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस बल तैनात करना पड़ा।आयोग ने पेपर लीक की संभावना से इनकार किया है। आयोग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि प्रश्नपत्रों के वितरण में स्टाफ से गंभीर प्रशासनिक त्रुटि हुई। गलत कमरे में प्रश्नपत्र पहुंचने और बाद में उनकी अदला-बदली के कारण कुछ अभ्यर्थियों को खुले और चिह्नित प्रश्नपत्र मिल गए। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच जारी है और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।परीक्षा निर्धारित समय दोपहर 12 बजे शुरू होनी थी, लेकिन केंद्र पर अव्यवस्था के कारण कई कमरों में प्रश्नपत्र देर से वितरित हुए। कुछ अभ्यर्थियों को पेपर 45 मिनट बाद मिला और परीक्षा शुरू होने में लगभग डेढ़ घंटे की देरी हुई। कई उम्मीदवारों ने दावा किया कि उन्हें खुले प्रश्नपत्र दिए गए और शिकायत के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान उत्पन्न अफरा-तफरी ने उनकी मानसिक स्थिति को प्रभावित किया और मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। परीक्षार्थियों ने परीक्षा रद्द कर पुनः आयोजित करने की मांग उठाई है। हालांकि आयोग ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक निर्णय घोषित नहीं किया है।SET परीक्षा राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता निर्धारित करने वाली महत्वपूर्ण परीक्षा है। इस वर्ष राज्य के 12 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां लगभग डेढ़ लाख अभ्यर्थी शामिल हुए।--------------------------


Source: Dainik Jagran March 02, 2026 12:25 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */