नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में सोमवार को मौसम के विविध रूप देखने को मिले। एक ओर जहां राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तेज धूप ने गर्मी का अहसास कराया, वहीं दूसरी ओर उत्तरी जिलों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। इसके चलते आंशिक बादल भी छाए हुए हैं। इससे अधिकतम तापमान में औसत एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। वहीं बादलों की वजह से रात के तापमान में औसत एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई।ग्वालियर-चंबल में बादलों का असर और नर्मदापुरम सबसे गर्म मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन ग्वालियर और चंबल संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए रहे। नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
Source: Dainik Jagran March 17, 2026 03:50 UTC