चेन्नई पीटीआइ। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में विदेशी खिलाड़ियों के न खेलने का असर नजर आने लगा है। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 80 रन से हार दिया। हार के बाद दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा की कमी को महसूस किया। बता दें कि कमर में दर्द के चलते रबाडा को चेन्नई के खिलाफ आराम दिया गया। दिल्ली ने रबाडा की जगह ट्रेंट बोल्ट को मौका दिया, लेकिन वह इतने कारगर साबित नहीं हुए।हार से निराश कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, 'हमने रबाडा को मिस किया। वह आखिरी ओवर्स में काफी बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं। हालांकि, यह अच्छी बात है कि उन्हें आराम दिया गया है। हमें उम्मीद है दिल्ली कि टॉप-2 में शामिल होंगे।' रबाडा की गैरमौजूदगी में बोल्ट काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 9.25 की इकोनॉमी से 37 रन दिए। अंतिम ओवर में उन्होंने महेंद्र सिंह धौनी के सामने 20 रन लुटा दिए। दिल्ली के लिए इससे पहले रबाडा आखिरी ओवर्स में शानदार गेंदबाजी करते रहे हैं, कोलकाता के खिलाफ सुपर ओवर में उन्होंने टीम को जीत भी दिलाई थी।हार के कारणों पर बात करते हुए अय्यर ने कहा, 'हमने जैसा सोचा था, वैसा खेल नहीं दिखाया। हमे अपनी क्षमताओं पर शक नहीं है, लेकिन हमने स्मार्ट क्रिकेट नहीं खेली। आने वाले मैच में हम अपना बेस्ट देंगे।'बता दें कि आइपीएल 2019 का 50वां मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में सुरेश रैना के अर्द्धशतक और धौनी की आतिशी 44 रन की नाबाद पारी के दम पर चार विकेट खोकर 180 रन बनाए। 180 रन के जवाब में दिल्ली ने 16.2 ओवर में 99 रन पर ढेर हो गई। इसी जीत के साथ चेन्नई एक बार फिर आइपीएल 2019 की अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई।Posted By: Rajat Singh
Source: Dainik Jagran May 02, 2019 06:22 UTC