IPL 2019: 8वीं बार फाइनल में पहुंचकर धौनी बेहद खुश, इनको बताया जीत का हीरो! विशाखापट्टनम, पीटीआइ। डिफेंडिंग चैंपियन चुन्नई सुपर किंग्स ने शुक्रवार को हुए दूसरे क्वालीफायर में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर 8वीं बार आइपीएल फाइनल में जगह बना ली। मैच के बाद जीत से गदगद कप्तान धौनी ने कहा कि टीम के गेंदबाजों ने दिल्ली को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोका जिसकी मदद से चेन्नई आसानी से लक्ष्य हासिल कर सकी।टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला कर चेन्नई ने पहले दिल्ली को 147/9 के स्कोर पर ही रोक दिया और फिर आसानी से 6 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अब चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला रविवार को फाइनल में मुंबई इंडियंस से होना है।धौनी ने कहा, " हमारे लिए सबसे जरूरी था लगातार विकेट लेते रहना और इसका श्रेय पूरी तरह से गेंदबाजों को जाता है। कप्तान का सिर्फ काम बताना होता है कि क्या करना है। फिर गेंदबाजों का काम है रणनीति बनाना कि यह कैसे होगा। गेंदबाजों ने दिल्ली को रोकने के लिए जी जान लगा दी।""गेंदबाजों का शुक्रिया क्योंकि उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से हम टूर्नामेंट में यहां तक पहुंच सके हैं। मुझे और अच्छा लगता अगर ओपनर्स ही इस मैच को जीत कर खत्म करते। रनरेट 6 से नीचे था और बड़े शॉट्स लगाकर आउट होने की जरूरत नहीं थी।"धौनी ने CSK के हर खिलाड़ी को मुश्किल समय में अपना अच्छा प्रदर्शन करने के लिए खूब सराहा। धौनी ने कहा, " खिलाड़ियों ने जिस तरह का खेल दिखाया वह जबरदस्त था। स्पिनरों को कुछ टर्न मिल रहा था और हमने सही समय पर विकेट लिए। उनके पास बाएं हाथ के बल्लेबाज थे और हमारे बाएं हाथ के स्पिनरों ने उनके सामने अच्छा प्रदर्शन किया। लगातार विकेट हासिल करना अहम रहा। गेंदबाजों को पूरा श्रेय जाता है।"लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Ruhee Parvez
Source: Dainik Jagran May 11, 2019 04:40 UTC