नई दिल्ली, प्रेट्र। किंग्स इलेवन पंजाब के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 213 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरू में धीमी बल्लेबाजी करने का बचाव करते हुए कहा कि क्रिस गेल और उनमें से किसी एक को ताबड़तोड़ रन बनाने थे, जबकि दूसरे को क्रीज पर टिके रहने की कोशिश करनी थी। बड़े लक्ष्य के सामने राहुल ने 56 गेंदों पर 79 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला और पंजाब आखिर में आठ विकेट पर 167 रन ही बना पाया।राहुल ने कहा, यह हमारी रणनीति थी। गेल और मेरे में से कोई एक 15-16 ओवर तक टिके रहना चाहता था, ताकि अन्य उस हिसाब से तेजी से रन बना सकें। इसका मतलब यह नहीं कि आप अपने शॉट नहीं खेलो। मैंने कुछ अवसरों पर शॉट खेलने का प्रयास किया। इनमें से कुछ अवसरों पर मैं सफल रहा, गेंद सीमा रेखा के पार गई तो कुछ शॉट क्षेत्ररक्षकों के पास चले गए।राहुल ने भले ही 141.07 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, लेकिन एक समय उन्होंने 36 गेंदों पर केवल 39 रन बनाए थे, जबकि उनकी टीम को 15 रन प्रति ओवर से अधिक की दर से रन बनाने थे। राहुल ने कहा कि एक बल्लेबाज के रूप में हमेशा आपको धमाकेदार शुरुआत नहीं मिलेगी। आप हर समय 20 गेंदों पर 50 रन नहीं बना सकते। मुझे पता था कि क्रीज पर पांव जमाने के बाद मैं उसका फायदा उठा सकता हूं। हम अच्छी साझेदारियां नहीं निभा पाए।प्लेऑफ नहीं, अगले दो मैचों पर ध्यान : क्रुणालमुंबई, प्रेट्र : मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने मंगलवार को कहा कि उनकी टीम ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। तीन बार की चैंपियन मुंबई हालांकि अभी प्लेऑफ के बारे में नहीं सोच रही है। दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स दोनों ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं। ऐसे में दो स्थानों के लिए पंाच टीमों के बीच स्पर्धा है। मौजूदा समय में मुंबई के 12 मैचों में 14 अंक हैं और उसे गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करना है। सनरासजर्स के 12 मुकाबलों में 12 अंक हैं।क्रुणाल ने कहा कि यह सत्र हमारे लिए काफी अच्छा गया है। हम 14 अंक के साथ प्लेऑफ में जगह बनाने के करीब हैं और अभी भी दो मुकाबले बचे हैं। हम कह सकते हैं कि यह सत्र अभी तक हमारे लिए काफी अच्छा गया है। टीम का ध्यान अगले दो मैचों पर है और हम उसमें अच्छा करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि हम प्लेऑफ के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम सिर्फ अगले दो मैचों के बारे में सोच रहे हैं, जो लीग मुकाबले हैं और हम इन दो मुकाबलों में अच्छा करना चाहते हैं और उसके बाद हम देखेंगे कि कैसे हम प्लेऑफ में पहुंचते हैं।Posted By: Sanjay Savern
Source: Dainik Jagran April 30, 2019 14:37 UTC