ICC world cup 2019: पाकिस्तान के खिलाफ मैनचेस्टर में होने वाले मैच से पहले बैकअप के तौर पर जुड़ेंगे रिषभ पंतनॉटिंघम। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को चोटिल शिखर धवन के कवर के रूप में भारत की विश्व कप टीम से जोड़ा गया है। पंत का मूल टीम में नहीं चुना जाना चर्चा का विषय रहा था क्योंकि वह पिछले एक साल से शानदार फॉर्म में थे। वह मैनचेस्टर में 16 तारीख को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे। जब तक टीम प्रबंधन धवन की बाकी टूर्नामेंट में उपलब्धता को लेकर अंतिम फैसला नहीं करता तब तक पंत को उनके बदले 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया जा सकता है।बीसीसीआइ के एक अधिकारी ने कहा कि टीम प्रबंधन के आग्रह पर पंत को कवर के तौर पर भारत से बुलाया गया है, लेकिन जब तक धवन के बारे में फैसला नहीं होता तब तक वह भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। आइसीसी के नियम के कारण टीम प्रबंधन धवन के फिट होने का इंतजार कर रहा है।अगर टीम प्रबंधन धवन को बाहर कर देता है तो उनकी इस टूर्नामेंट में दोबारा तभी वापसी हो सकती है जब कोई और खिलाड़ी चोटिल होगा। ऐसे में टीम प्रबंधन चाहता है कि जब तक संभव हो तब तक धवन के फिट होने का इंतजार किया जाए, क्योंकि भारत ने अपने दो सबसे कठिन मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत लिए हैं। अगर टीम न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के खिलाफ अपने तीन में से दो मैच भी जीत लेती है तो इसके बाद उसे सेमीफाइनल में पहुंचने से कोई नहीं रोक पाएगा। ऐसे में धवन के फिट होने पर सेमीफाइनल और फाइनल में टीम इंडिया को दिक्कत नहीं होगी।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Sanjay Savern
Source: Dainik Jagran June 12, 2019 15:56 UTC