पटना से सटे फतुहा थाना क्षेत्र के फतुहा-दनियावां मार्ग (NH-30A) पर शुक्रवार की रात रफ्तार कोल्हर गांव के पास अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार राजमिस्त्री को जोरदार टक्कर मार दी।. इस हादसे में राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। दुर्घटनास्थल पर ही बाइक को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन के कारण नेशनल हाईवे पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।मृतक की पहचान कोल्हर गांव निवासी गोरख साव के 35 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि संतोष राजमिस्त्री का काम करता था। शुक्रवार की रात वह काम खत्म कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह कोल्हर पुल के समीप पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।4 बच्चे का पिता थाटक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। संतोष अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था और अपने पीछे चार मासूम बच्चों व पत्नी को छोड़ गया है। पिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।बाइक को सड़क के बीचों-बीच आग लगा दीहादसे के तुरंत बाद बाइक सवार अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा। इससे ग्रामीण और भड़क गए। उन्होंने बाइक को सड़क के बीचों-बीच खींचकर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते NH-30A पर आगजनी शुरू हो गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार और थानाध्यक्ष सदानंद साह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया गया है। पुलिस ने फरार बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। फिलहाल सड़क पर आवागमन बहाल कर दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar February 13, 2026 17:28 UTC