संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा) । सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) अनिवार्य कर दिया गया है। निर्धारित तिथि 31 मार्च तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले लाभार्थियों की पेंशन पर रोक लग सकती है। इसे लेकर अनुमंडल एवं प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और आज से विशेष अभियान की शुरुआत कर दी गई है।प्रशासनिक निर्देश के अनुसार प्रखंड, नगर परिषद एवं पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण कराया जा रहा है।बीडीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लाभार्थियों को समय सीमा के भीतर कवर करना है, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को पेंशन से वंचित न होना पड़े। अभियान के सफल संचालन के लिए पंचायत सचिव, विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं पंचायत प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कर्मी घर-घर जाकर पेंशनधारियों को जागरूक कर रहे हैं और उन्हें शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।खासकर वृद्ध, दिव्यांग एवं असहाय लाभार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। जीवन प्रमाणीकरण के लिए पेंशनधारियों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं मोबाइल नंबर के साथ निर्धारित केंद्रों पर उपस्थित होना होगा।
Source: NDTV March 25, 2026 12:09 UTC