दावाहाथों में तख्तियां पकड़े कतार में लगी महिलाओं को एक आदमी द्वारा पैसे दिए जाने का विडियो इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग पैसे लेकर केंद्र सरकार द्वारा बनाए नए कानून का विरोध कर रहे हैं। पैसे लेने वाली कई महिलाएं पहनावे से मुस्लिम लग रही हैं। विडियो के बैकग्राउंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आवाज़ भी सुनाई दे रही है।यह विडियो सोशल मीडिया पर ‘शाहीन बाग में धरना देने जाते हुए मुस्लिम महिलाएं’ जैसे कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है। बैकग्राउंड में राहुल गांधी की आवाज़ वाले इस विडियो को देखने से यह संकेत जा रहा है कि CAA के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए मुस्लिम महिलाओं को कांग्रेस पार्टी पैसे दे रही है।फेसबुक यूज़र धनंजय तिवारी ने ‘Sudhir Kumar’ नाम के पेज पर पोस्ट किए गए इस विडियो को ऊपर लिखे कैप्शन के साथ ‘Dr Sambit Patra Fans Club’ ग्रुप में शेयर किया।सुधीर कुमार द्वारा अपलोड किए इस विडियो को अब तक 65 हजार बार से ज्यादा शेयर किया गया है और करीब 17 लाख से ज्यादा लोग इसे देख चुके हैं।बहुत से अन्य यूज़र्स ने भी इस विडियो को इसी दावे के साथ शेयर किया है।सच क्या है? विडियो का दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे CAA के विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है।इतना ही नहीं, कुछ फेक न्यूज़ फैलाने वालों ने विडियो में राहुल गांधी के एक भाषण के ऑडियो को ऊपर से जोड़ा है। यह विडियो असल में मणिपुर का है।कैसे की पड़ताल? यूट्यूब पर कीवर्ड्स सर्च के जरिए हमें यह विडियो ‘Jigar Atha’ नाम के चैनल पर मिला जिसे 23 अक्टूबर, 2017 को अपलोड किया गया था। विडियो को ‘Congress workers distributing cash for rally’ टाइटल के साथ अपलोड किया गया था।आगे पड़ताल करने पर हमें यह विडियो ‘Indian Weapons’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस विडियो को 2 मार्च, 2017 को अपलोड किया गया था। विडियो का शीर्षक, ‘Congress Bribing Voters In Imphal, Manipur? VIDEO GOES VIRAL!’ था।इन दोनों ही विडियो के बैकग्राउंड में राहुल गांधी की आवाज़ नहीं है।विडियो के पहले फ्रेम में एक मुस्लिम महिला अपने हाथ में तख्ती पकड़े है जिसपर ‘Ward No 5 (KMC)’ लिखा है। इससे हिंट लेकर हमने गूगल पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किए और पाया कि KMC मणिपुर के Kakching Municipal Council का संक्षिप्त रूप हो सकता है और यह विडियो वहीं का हो सकता है।Kakching के बारे में पढ़ने पर हमें पता लगा कि यह ज़िला बाहरी मणिपुर (लोकसभा सीट) का हिस्सा है और यहां से कांग्रेस के Y Surchandra Singh विधायक हैं, जिन्होंने नौवीं बार चुनाव जीता था। इसके बाद हमने पाया कि मणिपुर में 4 मार्च 2017 और 8 मार्च 2017 को चुनाव हुए थे। चूंकि यह विडियो यूट्यूब पर पहली बार 2 मार्च, 2017 को अपलोड किया गया था, तो यह मणिपुर के चुनावी प्रचार के वक्त का हो सकता है।इसके बाद हमने विडियो में अलग से जोड़े गए राहुल गांधी के भाषण के बारे में पड़ताल की। राहुल गांधी के भाषण से हिंट लेकर हमने गूगल पर ‘Gujarat Rahul Gandhi speech made in Gujarat’ कीवर्ड्स सर्च किए और रिजल्ट्स में हमें क विडियो मिला जिसके ऑडियो को वायरल विडियो में जोड़ा गया है और अब फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।अधिक पड़ताल करने पर हमें यह विडियो राहुल गांधी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। विडियो को 23 अक्टूबर, 2017 को अपलोड किया गया था।वायरल विडियो में जोड़े गए ऑडियो को इस विडियो में 2:25 मिनट से 5:15 मिनट तक सुना जा सकता है।निष्कर्षटाइम्स फैक्ट चेक ने पाया है कि कुछ महिलाओं को पैसे देने का विडियो मणिपुर का है जिसे अब राहुल गांधी के गुजरात में दिए भाषण के ऑडियो के साथ जोड़कर फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। इस विडियो और ऑडियो का दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे CAA के विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है।
Source: Navbharat Times January 27, 2020 06:11 UTC