मुंबई। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एवेंजर्स एंडगेम की कमाई का तूफ़ान चल रहा है और ऐसे में बाकी फिल्मों का बुरा हाल होना लाज़मी ही है। ऐसा ही हुआ है इस शुक्रवार को रिलीज़ हुई दो फिल्मों का, जिनकी ओपनिंग बेहद ही ख़राब रही है।बेहज़ाद खंबाटा के निर्देशन में बनी ब्लैंक ने पहले दिन सिर्फ़ 45 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। ये फिल्म एक ऐसे युवक की कहानी है जो आतंकी के रूप में एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड के निशाने पर है और उसे शरीर पर बम बंधा हुआ है और उसके तार आतंकी संगठन से जुड़े हैं। फिल्म में करण कपाड़िया ने हनीफ नाम के उस लड़के का रोल निभाया है। करण, अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना के कज़िन और डिम्पल कपाड़िया की बहन सिंपल के बेटे हैं। फिल्म में एटीएस चीफ एसएस दीवान का किरदार सनी देओल ने निभाया है। साथ में इशिता दत्ता और करणवीर शर्मा भी हैं।ये सनी देओल की हाल आई फिल्मों में सबसे ख़राब ओपनिंग है। उनकी मोहल्ला अस्सी और भैयाजी सुपरहीट को करीब एक करोड़ और यमला पगला दीवाना फिर से को एक करोड़ 75 लाख रूपये की ओपनिंग लगी थी।इसी शुक्रवार को अश्वनी चौधरी के निर्देशन में बनी फिल्म सेटर्स भी रिलीज़ हुई। फिल्म को पहले दिन 36 लाख रूपये का कलेक्शन मिला है। ये फिल्म शिक्षा व्यवस्था पर करारी चोट करती है और इसमें दिखाया गया है कि कैसे नक़ल के लिए सेटिंग होती है और उसके पीछे एक पूरी गैंग होती है। फिल्म में आफताब शिवदासानी, श्रेयस तलपड़े, इशिता दत्ता और सोनाली सहगल ने काम किया है।यह भी पढ़ें: Avengers Endgame Box Office: शुक्रवार की कमाई भी सॉलिड, 300 करोड़ इतनी दूरलोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Manoj Khadilkar
Source: Dainik Jagran May 04, 2019 12:04 UTC