जागरण संवाददाता, पटना। बिहार का मौसम लोगों को खूब छका रहा है। दिन भर बादल छाए रहने के साथ मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के Bihar Weather Forecast के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर भागों में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है।उत्तरी भागों के 8 जिलों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया एवं किशनगंज जिले में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, भागलपुर, बांका और जमुई जिले के एक या दो स्थानों पर गरज-तड़क के साथ वर्षा के आसार हैं।दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट के आसार हैं। ज्यादातर भागों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि 33.2 डिग्री सेल्सियस के साथ फारबिसगंज सबसे गर्म स्थान रहा।उमस होगी महसूस राजधानी का न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस बीते 15 वर्षों के दौरान सर्वाधिक दर्ज किया गया। मंगलवार को राज्य के ज्यादातर भागों में बादल छाए रहने के साथ मौसम सामान्य बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसके प्रभाव से हिमालय क्षेत्रों में बादल, वर्षा की संभावना होती है। इसका असर मैदानी इलाकों के मौसम पर पड़ता है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के आसपास मौसम का सिस्टम विकसित होने के साथ नमी की मात्रा में बढ़ोतरी होती है। इससे बादल बनने और वर्षा के आसार बढ़ जाते हैं।
Source: Dainik Jagran March 11, 2026 06:42 UTC