रोहतास जिले के काराकाट स्थित कच्छवाँ बाजार में लगातार तीसरे दिन भी कारोबार ठप रहा। राज्य कर विभाग की संभावित छापेमारी की आशंका से व्यापारी दहशत में हैं, जिसके चलते दुकानें बंद रखी गई हैं।. किसी आधिकारिक बंद की घोषणा न होने के बावजूद, गुरुवार को भी अधिकांश दुकानों के शटर नहीं खुले। सुबह जैसे ही विभागीय टीम के आने की चर्चा फैली, मुख्य बाजार की बड़ी दुकानों जैसे किराना, कपड़ा, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मिठाई की दुकानें बंद होने लगीं।बाजार में ग्राहकों की आवाजाही लगभग समाप्त हो गई और खरीदारी करने आए लोग निराश होकर लौट गए। आवश्यक दवाओं के लिए भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर बाजार के चौक-चौराहों पर व्यापारी संभावित कार्रवाई को लेकर चर्चा करते नजर आए। छोटे दुकानदारों ने भी किसी तरह का जोखिम लेने से बचते हुए अपनी दुकानें बंद रखना ही उचित समझा।कच्छवां बाजार रोहतास का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहाँ रोजाना लाखों रुपए का कारोबार होता है। इस अघोषित बंदी से न केवल व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि सरकारी राजस्व पर भी नकारात्मक असर पड़ने की संभावना है।व्यापारियों का कहना है कि विभागीय सर्वे और जांच की कागजी प्रक्रिया इतनी जटिल होती है कि छोटे दुकानदारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी डर के कारण वे दुकानें खोलने से बच रहे हैं।
Source: Dainik Bhaskar April 02, 2026 19:49 UTC