Balrampur : बलरामपुर में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश बढ़ाने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नए इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में उद्योगों के विस्तार के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत करना आवश्यक है। इसके साथ ही प्लेज पार्क के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचे, इसके लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं।बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित व प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है।डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि आगामी बैठकों में अधिक से अधिक उद्यमियों और नए एंटरप्रेन्योर को आमंत्रित किया जाए, ताकि उनके सुझावों के आधार पर जनपद में औद्योगिक विकास की दिशा और मजबूत की जा सके।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त जीएसटी, लीड बैंक मैनेजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: Dainik Bhaskar March 31, 2026 02:33 UTC