जागरण संवाददाता, जम्मू। किश्तवाड़ के चिशोती में अगस्त 2025 में बादल फटने की त्रासदी से सबक लेते हुए इस बार मचैल यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाया जा रहा है। इस बार यात्रा में भक्तों को पल पल मौसम की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे सुरक्षित यात्रा प्लान तैयार कर सकें।इसके लिए एक एकीकृत प्रणाली तैयार की जा रही है। यात्रा मार्ग पर भूस्खलन से अति संवेदनशील स्थानों की पहचान की जा रही है। अप्रैल से शुरू होने वाली इस यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुरक्षित यात्रा के लिए संभागीय प्रशासन ने एक कार्ययोजना तैयार की है। मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय बैठक में मचैल माता में मौसम अपडेट के साथ श्रद्धालुओं के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस (आरएफआइडी) कार्ड की व्यवस्था करने पर जोर दिया है।यात्रा से पूर्व आपात योजना तैयार करने तथा माकड्रिल से तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को बैकअप के तौर पर जनरेटर सेट की उपलब्धता के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी करने को कहा।
Source: Dainik Jagran March 21, 2026 15:51 UTC