नई दिल्ली, एजेंसी । ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोलसोनारो अपनी चार दिवसीय यात्रा पर आज भारत पहुंचेंगे। वह गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेंगे। ब्राजील का राष्ट्रपति बनने के बाद बोलसोनारो की यह पहली भारत यात्रा होगी। उनके साथ उनकी कैबिनेट के आठ मंत्री एंव एक बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली आ रहे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच 15 समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। बता दें कि यह भारत में राष्ट्रपति बोलसोनारो का पहला राजकीय दौरा है। इससे पहले 1996 और 2004 में हमारे गणतंत्र दिवस परेड में ब्राजील के राष्ट्रपति मुख्य अतिथि रह चुके हैं ।बता दें कि 11वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने बोलसोनारो को गणतंत्र दिवस समारोह का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था। उनकी यात्रा का दूसरा दिन कई व्यस्तताओं से भरा हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक भी शामिल है। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में भारत और ब्राजील के बीच समझौतों का आदान-प्रदान होगा।गौरतलब है कि इससे पहले ब्राजील के किसी राष्ट्रपति की भारत यात्रा अक्टूबर, 2016 में राष्ट्रपति मिशेल टेमर द्वारा गोवा में आठवें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में नवंबर 2019 में ग्यारहवें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्रासीलिया गए थे। 25 जनवरी को राष्ट्रपति बोलसोनारो राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगे जो उनके सम्मान में एक भोज की मेजबानी करेंगे और प्रधानमंत्री के साथ वार्ता करेंगे। उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री, राष्ट्रपति बोलसोनारो से मुलाकात करेंगे।27 जनवरी को राष्ट्रपति बोलसोनारो भारत-ब्राजील व्यापार मंच में भारतीय और ब्राजील के कारोबारियों को संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और ब्राजील एक घनिष्ठ और बहुआयामी संबंध साझा करते हैं। हमारे द्विपक्षीय संबंध दोनों देशों के सामान्य वैश्विक दृष्टिकोण, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने हेतु प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2018-19 में 8.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। इसमें ब्राजील के लिए भारतीय निर्यात के रूप में 3.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर और भारत द्वारा आयात के रूप में 4.4 मिलियन डालर शामिल थे। ब्राजील में प्रमुख भारतीय निर्यात में कृषि-रसायन, सिंथेटिक यार्न, ऑटो के पुर्जे, फार्मास्युटिकल्स और पेट्रोलियम उत्पाद शामिल हैं। ब्राजील से भारत में आयात में कच्चा तेल, सोना, वनस्पति तेल, चीनी और थोक खनिज व अयस्कों शामिल हैं।भारत में ब्राजील का निवेश मुख्य रूप से ऑटोमोबाइल, आईटी, खनन, ऊर्जा और जैव ईंधन क्षेत्रों में हैं। भारत ने ब्राजील के आईटी, फार्मास्युटिकल, ऊर्जा, कृषि-व्यवसाय, खनन और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में निवेश किया है।(यह आर्टिकल एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड हुआ है। इसे नवभारतटाइम्स.कॉम की टीम ने एडिट नहीं किया है।)Posted By: Ramesh Mishraडाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran January 24, 2020 03:56 UTC