Sitapur : शहर को जाम के झाम से मुक्ति दिलाने और सड़कों को खूबसूरत बनाने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह से कमर कस चुका है। अभी महज दो दिन पहले ही हरदोई चुंगी चौकी पर चारों तरफ पसरे अतिक्रमण के काले साम्राज्य पर बाबा का बुलडोजर गरजा था और अवैध कब्जों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया था। अतिक्रमण हटने के ठीक 48 घंटे के भीतर ही जिलाधिकारी के बेहद कड़े और सख्त निर्देश के बाद आज से जमीन पर काम भी शुरू हो गया है।अतिक्रमण हटने के बाद सड़कों को नया रूप देने के लिए निर्माणदायी संस्था ‘आवास विकास’ ने मोर्चा संभाल लिया है। हरदोई चुंगी चौकी चौराहे के पास से ही संस्था द्वारा शानदार फुटपाथ बनाए जाने का काम आज से युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में अल्टीमेटम दिया था कि जैसे ही अवैध कब्जा हटे, वैसे ही संबंधित सभी कार्यदायी संस्थाएं बिना एक पल गंवाए अपना काम शुरू कर दें। उसी कड़े आदेश का असर आज सड़कों पर साफ नजर आने लगा है।इस बड़े विकास कार्य को रफ्तार देने के लिए सिर्फ एक नहीं, बल्कि तीन-तीन संस्थाओं के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी डाली गई है। आवास विकास ने जहां फुटपाथ का जिम्मा संभाल लिया है, वहीं इस महाभियान में ‘नगर पालिका सीतापुर’ और ‘लोक निर्माण विभाग’ (PWD) सीतापुर को भी अपने-अपने हिस्से का मोर्चा संभालना है। आने वाले दिनों में इन तीनों संस्थाओं के तालमेल से हरदोई चुंगी का पूरा इलाका एकदम बदला-बदला और चौड़ा नजर आने वाला है।
Source: Dainik Bhaskar April 03, 2026 06:40 UTC