सर्द हवाओं की चपेट में सूबा, आज से 15 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टीDainik Bhaskar Dec 30, 2019, 05:00 AM ISTपानीपत. प्रदेश में पारा लगातार गिरता जा रहा है और ठंड बढ़ती जा रही है। शनिवार रात पंचकूला को छोड़ सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया। हिसार में यह सबसे कम 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार सुबह कुछ इलाकों में पाला भी जमा। दिन में 9 जिलों में पारा 12 डिग्री या इससे नीचे रहा। सिरसा में यह सबसे कम 8.6 डिग्री पर आ गया।हालांकि, दोपहर बाद अच्छी धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली। लेकिन कंपा देने वाली ठंडी हवा चली। पिछले 15 दिन में दो बार मामूली धूप निकली थी। कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रदेश सरकार ने स्कूलों में 30 दिसंबर से 15 जनवरी तक छुट्टी रखने के आदेश जारी किए हैं। रविवार रात धुंध से पानीपत सहित कुछ इलाकों में विजिबिलिटी शून्य हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 30 व 31 दिसंबर को कहीं-कहीं गहरी धुंध छा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 31 को मौसम बदलेगा। 1-2 जनवरी को बारिश के आसार है। कुछ जिलों में ओले भी गिर सकते हैं।
Source: Dainik Bhaskar December 29, 2019 23:26 UTC