मुरादाबाद। थाना मूंढापांडे क्षेत्र के गांव नियामतपुर इकरोटिया में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने पहले युवक से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर सुनियोजित तरीके से उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। पीड़ित युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पीड़ित कारोबारी रियासत हुसैन ने थाना प्रभारी निरीक्षक मूंढापांडे को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे अफसान की पहचान गांव की 24 वर्षीय युवती रहमत जहां से हुई थी। आरोप है कि युवती ने धीरे-धीरे अफसान से संपर्क बढ़ाया और भरोसा जीतकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर साजिश रची।रियासत हुसैन के मुताबिक, 9 मार्च को युवती अपने दो साथियों के साथ वीरपुर बरियार मार्ग पर अफसान को मिली और रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर युवक को धमकाया और झूठे केस में फंसाने की बात कहकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। इस दौरान युवक पर दबाव बनाकर उससे फायदा उठाने की कोशिश की गई, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया।इस मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित पिता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती को नामजद करते हुए उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ सख्त धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसी के अनुसार आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोग ऐसे मामलों को लेकर सतर्क रहने और अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने की बात कह रहे हैं।यह भी पढ़े : पंडित निकला आतंकी…! झांकी में सुदामा बनकर करता था डांस, महिलाएं बोलीं- ‘कभी सोचा नहीं था आतंकियों से जुड़ा होगा’
Source: Dainik Bhaskar April 05, 2026 10:53 UTC