सिवाया टोल पर भारतीय किसान यूनियन का धरना जारी - News Summed Up

सिवाया टोल पर भारतीय किसान यूनियन का धरना जारी


मेरठ,जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में चल रहे कृषि आंदोलन को छह माह से अधिक हो गए हैं। गुरुवार को जिले में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बैठक करते हुए आगे की रणनीति तैयार की। भाकियू जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी भी गाजीपुर बार्डर पर डटे हुए हैं। सिवाया टोल प्लाजा पर दूसरे दिन भी भाकियू का धरना जारी रहा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक कृषि कानूनों को सरकार वापस नहीं लेती है, धरना जारी रहेगा।भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकड़ी ने बताया कि संगठन की ओर से पश्चिमी उप्र के टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरने के लिए निर्देशित किया गया था। इस क्रम में मेरठ के सिवाया टोल पर धरना जारी है। यहां पर संजय दौरालिया, सतीश, ईलम सिंह, महराज मलिक, उज्जवल चौधरी, नरेश चौधरी आदि मुख्य रूप से शामिल हैं। दौराला प्रतिनिधि के अनुसार गुरुवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने लेन नंबर छह को टोल फ्री रखा। टोल पर ही भट्ठी चढ़ा कर आलू-पूरी बनाई गई। टोल प्रबंधन द्वारा पानी नहीं दिए जाने पर किसानों ने ट्रैक्टर-ट्राली लगाकर टोल फ्री कर दिया। किसानों ने एक ओर की दो लेन पर कब्जा कर रखा है। इस बीच किसानों से वार्ता करने के लिए टोल के सुरक्षा अधिकारी मनिदर विहान भी पहुंचे, लेकिन किसानों ने धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया। एसपी सिटी विनीत भटनागर व सीओ पूनम भी वार्ता करने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने वार्ता के दौरान कहा कि जब तक राष्ट्रीय मोर्चा या राकेश टिकैत का आदेश नहीं आता धरना जारी रहेगा। वहीं, जिलाधिकारी के बालाजी भी दौराला थाने पहुंचे, लेकिन वह धरना स्थल पर नहीं गए। उधर, गाजीपुर बार्डर के लिए भाकियू कार्यकर्ताओं का आना-जाना जारी रहा।शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप


Source: Dainik Jagran May 27, 2021 21:45 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...