साइना और श्रीकांत का सपना टूटा, टोक्यो ओलंपिक नहीं खेल पाएंगे, 4 प्लेयर्स पर मेडल जीतने का जिम्माRizwan Noor Khanबैडमिंटन सुपरस्टार साइना नेहवाल और श्रीकांत किदांबी का टोक्यो ओलंपिक में खेलना का सपना टूट गया है। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने दोनों प्लेयर्स के टोक्यो ओलंपिक नहीं खेल पाने की पुष्टि कर दी है। साइना नेहवाल 2012 में ओलंपिक पदक जीतकर भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। इस बार भी वह पदक जीतने के लिए वह काफी समय से तैयारी कर रहीं थीं।टोक्यो में 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों की शुरुआतसाल 2020 में जापान में होने वाले ओलंपिक खेलों को कोरोना महामारी के चलते आगे बढ़ाया गया था। अब यह जापान की राजधानी टोक्यो में जुलाई से आयोजित होने जा रहे हैं। ओलंपिक खेलों के शुरू होने में अब बस 55 दिन शेष बचे हैं। विश्व का सबसे बड़ा यह खेल आयोजन 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होने वाला है।साइना और किदांबी नहीं खेल पाएंगे टोक्यो ओलंपिकटोक्यो ओलंपिक में अलग अलग खेल प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए कई भारतीय प्लेयर्स क्वालीफाई कर चुके हैं। वहीं, बैडमिंटन खेल प्रतियोगिता में पूर्व नंबर वन महिला प्लेयर साइना नेहवाल टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। उनके अलावा पूर्व पुरुष नंबर वन बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत किदांबी भी इस बार ओलंपिक में खेल नहीं पाएंगे।क्वालीफाइ करने की अवधि तो है पर टूर्नामेंट नहींबैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन ने कहा है कि ओलंपिक क्वालीफिकेशन के लिए अवधि 15 जून तक है। लेकिन, इस दौरान कोई भी टूर्नामेंट नहीं खेला जाएगा और मौजूदा रेस टू टोक्यों रैंकिंग में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इस स्थिति में साफ हो गया है कि साइना नेहवाल और किदांबी के लिए टोक्यो ओलंपिक में एंट्री के रास्ते बंद हो गए हैं। अब उन्हें अगले ओलंपिक का इंतजार करना होगा।3 टूर्नामेंट रद्द होने से क्वालीफाइंग रैंकिंग नहीं मिलीकोरोना महामारी के कारण 3 महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का रद्द होना साइना और किदांबी के ओलंपिक की राह का रोड़ा बन गए। पहले इंडिया ओपेन फिर मलेशिया ओपेन और सिंगापुर ओपेन रद्द किए जाने से दोनो प्लेयर्स की क्वालीफाइंग रैंकिंग पर असर पड़ा। नतीजतन दोनों प्लेयर्स ओलंपिक के लिए क्वालीफाइ नहीं कर पाए।पीवी सिंधू समेत 4 प्लेयर्स पर पदक की जिम्मेदारीटोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन खेल प्रतियोगिता में भारत की ओर से 4 प्लेयर्स क्वालीफाइ कर चुके हैं। इनमें वुमेंन सिंगल्स में पीवी सिंधू, मेंस सिंगल्स बी साई प्रणीत, और मेंस डबल में चिराग शेट्टी और सात्विकसाई राज रंकीरेड्डी शामिल हैं। इन प्लेयर्स पर बैडमिंटन में पदक लाने की जिम्मेदारी है। पीवी सिंधू समेत सभी खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं।अवॉर्ड के शिखर पर हैं साइना और किदांबीसाइना नेहवाल 2012 ओलंपिक में ब्रांज मेडल हासिल कर चुकी हैं। वह अब तक अंतरराष्ट्रीय खेलों में 19 से ज्यादा गोल्ड, सिल्वर और ब्रांज मेडल हासिल कर चुकी हैं। वह अर्जुन अवॉर्ड, राजीव गांधी खेलरत्न पुरस्कार, पदमश्री, और पद्मभूषण से सम्मानित की जा चुकी हैं। वहीं, श्रीकांत किदांबी 4 गोल्ड समेत 10 से ज्यादा पदक हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा वह अर्जुन अवॉर्ड और पद्मश्री से सम्मानित किए जा चुके हैं।
Source: Dainik Jagran May 28, 2021 13:02 UTC