Dainik Bhaskar May 05, 2019, 03:26 PM ISTबॉलीवुड डेस्क. कपिल शर्मा का कहना है कि जब उन्होंने 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' (2013-2016) की शुरुआत की थी, तब कोई भी फिल्म स्टार शो में नहीं आना चाहता था। उन्होंने 'वर्ल्ड लाफ्टर डे' के मौके पर एक एंटरटेनमेंट वेबसाइट से बात की। जब उनसे पूछा गया कि कौन-सा सेलेब्रिटी गेस्ट उनके लिए सबसे ज्यादा सपोर्टिव रहा तो उन्होंने कहा, "वैसे तो सभी गेस्ट्स सपोर्टिव रहे और सबके साथ खूब मजा आता है। लेकिन एक इंसान है, जिन्हें बहुत मानता हूं और वे हैं धरम पाजी (सुपरस्टार धर्मेंद्र)। जब मैंने शो शुरू किया था तो वाकई कोई भी स्टार इसका हिस्सा नहीं बनना चाहता था। लेकिन वे मेरे शो पर आए। मुझे उनसे ढेर सारा प्यार और सराहना मिली।"महमूद है कपिल के फेवरेट कॉमेडियन- कपिल से जब पूछा गया कि गुजरे जमाने के किस कॉमेडियन को वे बहुत पसंद करते हैं तो उन्होंने कहा, "महमूद सर। उनकी कॉमिक टाइमिंग में कोई कमी नहीं रहती, फिर भले ही इमोशनल सीन ही क्यों न हो। सलमान (खान) भाई ने मुझसे कहा था कि मैं महमूद सर की बायोपिक के लिए एकदम फिट हूं। यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान था। मुझे गोविंदा भी बहुत पसंद हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की और स्टाइल बिल्कुल नेचुरल है।" कपिल ने अपनी पसंदीदा फिल्मों के तौर पर 'बड़े मियां छोटे मियां' (1998) और 'अंदाज अपना-अपना' (1994) का नाम लिया।शादी के बाद कैसे बदली लाइफ- कपिल कहते हैं कि शादी के बाद उनमें बदलाव नहीं आया है। उन्होंने हंसते हुए कहा, "सिर्फ एक बात बदली है और वह यह कि पहले मैं दूसरों की शादी पर जोक बनाता था, अब अपनी शादी पर बनाता हूं। मतलब कि अब जोक ज्यादा सच्चे और प्रमाणिक हैं।" कपिल ने दिसंबर 2018 में गिन्नी चतरथ से शादी की। जब उनसे पूछा गया कि क्या गिन्नी का मिजाज भी मजाकिया है? तो उन्होंने जवाब दिया, "हां। जब हम कॉलेज में पहली बार मिले, तब मैंने देखा कि स्टेज पर उसकी कॉमिक टाइमिंग बहुत अच्छी है। वह मेरी क्रिटिक है। मेरी सबसे बड़ी फैन भी है और लगभग हर जोक पर हंसती है।"
Source: Dainik Bhaskar May 05, 2019 09:10 UTC