लोगों ने लोकसभा चुनाव में किया था बायकॉट, फिर भी आज तक गुमथला गांव में बिजली-पानी व सड़कें नहीं - News Summed Up

लोगों ने लोकसभा चुनाव में किया था बायकॉट, फिर भी आज तक गुमथला गांव में बिजली-पानी व सड़कें नहीं


व्यापारी प्रतिनिधि व ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधियों की व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा के कॉन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में सेक्टर 20 में मीटिंग हुई। इसमें गुमथला गांव का दौरा करने के बाद गांव की समस्याओं पर चिंता प्रकट की गई। बजरंग गर्ग का कहना है कि बड़े अफसोस की बात है कि गुमथला गांव पंचकूला नगर निगम के वार्ड नंबर 7 में आता है। गांव में सड़क, पानी, बिजली व मेडिकल सुविधा तक नहीं है।यहां तक कि गांव की पंचायत का दफ्तर व स्कूल कंडम हालत में है। धर्मशाला जर्जर हालत में हैं। धर्मशाला में आने जाने का रास्ता पूरी तरह से टूटा हुआ है। गांव में एक भी डिस्पेंसरी नहीं है। सरकार बड़े बड़े दावे कर रही है कि गांव में 24 घंटे बिजली, पानी, सड़क, डिस्पेंसरी व हर प्रकार की मूलभूत सुविधा दी जा रही है। जबकि गांव गुमथला जोकि नगर निगम के अधीन है। वहां के लोग नरक की जिंदगी जी रहे हैं। गांव के लोगों के बार बार सरकार व जिला प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद भी गांव में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया। प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि गांव में किसी प्रकार की मूलभूत सुविधा न होने, रास्ते टूटे होने व जगह जगह गंदगी के ढेर लगे होने के कारण बीमारी फैलने का डर बना हुआ है।गांव में विकास कार्यों न होने के विरोध में गांव वालों ने लोकसभा चुनाव में वोट न देकर बहिष्कार कर अपना रोष जताया था। इसके बावजूद अब तक सरकार व नगर निगम ने गांव में किसी प्रकार का विकास कार्य शुरू नहीं किया है। गांव में मूलभूत सुविधा न होने से गांववासियों में रोष है। अगर सरकार व नगर निगम ने जल्द ही गांव की समस्या का समाधान नहीं किया तो व्यापार मंडल व ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन गांव वासियों के साथ नगर निगम के बाहर धरना प्रदर्शन करेगा। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गांव की समस्या का समाधान करने की मांग भी की गई है और जो सरकारी अधिकारी कामकाज में लापरवाही बरत रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करने को लिखा गया है। मीटिंग में ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन के महासचिव नरेन्द्र सिंह, उपप्रधान कुलदीप सिंह, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर महेश सचदेवा, सेक्टर 20 एसोसिएशन महासचिव राम कुमार गर्ग, मुकेश गोयल, पंचकुला जिला विकास ट्रस्ट संरक्षक राम चरण सिंगला, कृष्ण गोयल, अनिल गोयल, राकेश गोयल आदि प्रतिनिधि मौजूद थे।


Source: Dainik Bhaskar July 04, 2019 02:03 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */