मोबाइल ट्रैकिंग में पकड़े गए तीन इंजीनियर, चार कवरेज एरिया से बाहर मिलेDainik Bhaskar Jul 23, 2019, 07:58 PM ISTपटना. उत्तर बिहार के कई जिले भयंकर बाढ़ की चपेट में हैं लेकिन बाढ़ प्रभावित जिले के आला इंजीनियर ही ड्यूटी से गायब हैं। मंगलवार को जल संसाधन विभाग ने इंजीनियरों के मोबाइल की ट्रैकिंग की तो तीन वरीय इंजीनियर गायब मिले जबकि चार का मोबाईल आउट ऑफ कवरेज एरिया मिला। इनमें सीतामढ़ी और मधुबनी के सीनियर इंजीनियर शामिल हैं। विभाग के अपर सचिव गोरखनाथ ने जांच के बाद अपर सचिव (निगरानी) जिउत सिंह को कार्रवाई के लिए भेज दिया है।विभाग के मोबाइल ट्रैकिंग में तिरहुत नहर अंचल, मोतिहारी के अधीक्षण अभियंता ब्रज किशोर रजक, बाढ़ नियंत्रण अंचल, सीतामढ़ी के अधीक्षण अभियंता रवीन्द्र कुमार, पश्चिमी कोशी नहर अंचल, मधुबनी के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र नारायण सिंह अपनी ड्यूटी से गायब थे। इनके अलावा मुख्य पश्चिमी नहर प्रमंडल, वाल्मिकीनगर के कार्यपालक अभियंता राजेश रंजन, गंगा पम्प नहर प्रमंडल, चौसा के कार्यपालक अभियंता विशनुदेव प्रसाद चौरसिया, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल, मदनपुर के कार्यपालक अभियंता नवीन कुमार, जल निस्सरण प्रमंडल, मुजफ्फरपुर के कार्यपालक अभियंता अरविन्द कुमार गुप्ता का मोबाइल कवरेज एरिया से बाहर था।
Source: Dainik Bhaskar July 23, 2019 14:26 UTC