कैलिफोर्निया. फिट रहने के लिए सुबह के समय जॉगिंग करने वालों के लिए एक रिपोर्ट में कुछ चौंकाने वाली बात सामने आई है। वैज्ञानिकों की एक टीम ने रिसर्च के बाद दो रिपोर्ट जारी की हैं। इनके मुताबिक, लोगों के लिए सुबह की बजाय शाम को जॉगिंग करना ज्यादा फायदेमंद रहता है। शाम को व्यक्ति जॉगिंग के समय 50% कम ऑक्सीजन खर्च करता है और ज्यादा ऊर्जा के साथ दौड़ सकता है। इजराइल वीजमैन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस और इर्विन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के वैज्ञानिकों की टीम के शोध में यह बात सामने आई।वैज्ञानिकों का कहना है कि हो सकता है कि उनके शोध के नतीजे इंसानों पर एकदम सही साबित न हों। कई लोग ऐसे होते हैं, जो रात को जागना पसंद करते हैं या फिर रात को काम करते हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो सुबह जल्दी उठना और काम करना पसंद करते हैं।रिसर्च टीम ने कहा कि जॉगिंग हमारी दिनचर्या पर अनुकूल प्रभाव डालती है। यह हमें मौसम के बदलाव और खराब दिनचर्या के दौरान भी ठीक रखती है। खराब दिनचर्या से मतलब असमय नींद और भोजन लेना है।दिनचर्चा व्यक्ति की मानसिकता और शरीर के अंगों पर प्रभाव डालती है। व्यक्ति की दिनचर्या यदि खराब होगी तो उसे कैंसर जैसी घातक बीमारी तक हो सकती है। व्यक्ति को स्लीप डिसऑर्डर हो सकता है। वह डिप्रेशन में भी जा सकता है। इन सभी बीमारियों से बचने के लिए व्यक्ति को एक्सरसाइज को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।पहली रिसर्च में वैज्ञानिकों ने चूहे को ट्रेडमिल पर दौड़ाया था। टीम ने इस रिसर्च के नतीजों की तुलना 12 इंसानों से की, तो भी रिजल्ट एक जैसे ही आए। 2009 में भी साइकिलिंग इवेंट टूर डी फ्रांस के दौरान इस तकनीक को आजमाया गया था। यह साइक्लिस्ट्स की क्षमता को बढ़ाने के लिए लागू की गई थी।
Source: Dainik Bhaskar April 21, 2019 02:15 UTC