यूआइडीएआइ ने की दिल्ली व विजयवाड़ा में पहले आधार सेवा केंद्र की शुरुआतनई दिल्ली, प्रेट्र। यूआइडीएआइ ने दिल्ली व विजयवाड़ा में अपने पहले आधार सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी है। साल के अंत तक ऐसे 114 केंद्रों की स्थापना की योजना है।इन आधार केंद्रों पर आधार पंजीकरण व सूचनाओं में परिवर्तन आदि कार्य किए जाएंगे। ये केंद्र यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआइडीएआइ) के अधीन होंगे और वही इनका संचालन भी करेगा। बैंक, पोस्टऑफिस और अन्य सरकारी परिसरों में संचालित हजारों आधार केंद्रों पर भी काम जारी रहेगा। यूआइडीएआइ पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर देश के 53 शहरों में आधार सेवा केंद्रों की स्थापना करना चाहता है। इस पर करीब 300-400 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।नए आधार सेवा केंद्र पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर काम कर रहे हैं। दिल्ली का आधार सेवा केंद्र अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन परिसर में है। यह रोजाना एक हजार नए पंजीकरण अथवा सूचनाओं में संशोधन संबंधी आवेदनों का निस्तारण कर सकता है। यहां 16 वर्कस्टेशन होंगे।खास बात यह है कि यहां शनिवार व रविवार को भी काम होंगे। यह केंद्र केवल मंगलवार व सार्वजनिक अवकाशों के दिन बंद रहेगा। विजयवाड़ा केंद्र की क्षमता दिल्ली की आधी है।-----------Posted By: Bhupendra Singh
Source: Dainik Jagran July 02, 2019 15:23 UTC