मिजोरम से म्यांमार वापस भेजे गए 135 शरणार्थी, 15 दिनों के लिए राशन भी दिया गयाआइजल, आइएएनएस। असम राइफल्स ने मिजोरम में रह रहे म्यांमार के 135 शरणार्थियों को वापस उनके देश भेज दिया। उन्हें 15 दिनों के लिए राशन भी दिया गया है, ताकि वे वहां टिक सकें।लवंगतलाई जिले के उपायुक्त शशांका अला ने बुधवार को बताया, 'असम राइफल्स ने मंगलवार को म्यांमार के मूल निवासी 54 परिवारों के 135 लोगों को वापस उनके देश भेज दिया है।'म्यांमार के आराकान (राखिन) प्रदेश के रहने वाले 219 शरणार्थी नवंबर 2017 में वहां से भागकर लवंगतलाई जिले के गांवों में आ गए थे। इनमें महिला व बच्चे भी शामिल थे। मंगलवार को 84 लोग खुद ही म्यांमार लौट गए। इसके बाद 135 शरणार्थियों को असम राइफल्स ने वापस भेज दिया।मिजोरम के गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शरणार्थी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे और वापस नहीं जाना चाहते थे। नवंबर 2017 में म्यांमार सेना और वहां के उग्रवादी संगठन आराकान आर्मी के बीच संघर्ष शुरू हो गया था। इसके बाद 1700 से ज्यादा म्यांमार शरणार्थी लवंगतलाई जिले के गांवों में आ घुसे थे।म्यांमार के आश्वासन के बाद बाकी सब तो लौट गए, लेकिन 219 लोग नहीं लौटना चाहते थे। ये लोग यहीं घर बनाकर खेतीबाड़ी करने लगे थे।Posted By: Bhupendra Singh
Source: Dainik Jagran July 03, 2019 15:08 UTC