मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने का भारत चीन के रिश्तों पर भी दिखेगा असरनई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित करवाने के प्रस्ताव के खिलाफ वीटो हटा कर चीन ने भारत के साथ रिश्तों को आगे बढ़ाने की जो इच्छा जताई है उसका भारत ने स्वागत किया है। साथ ही भारत ने यह भी कहा है कि वुहान में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मुलाकात के बाद द्विपक्षीय रिश्तों को सुधारने का जो माहौल बना था उसे आगे भी जारी रखा जाएगा।इस महीने के अंत तक देश में जब नई सरकार सत्ता में आ जाएगी उसके तुरंत बाद चीन के राष्ट्रपति चिनफिंग का भारत दौरा संभावित है जिसमें उनकी फिर से मुलाकात भारतीय प्रधानमंत्री से अनौपचारिक तौर पर होगी।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार का कहना है कि, ''हम चीन की तरफ से उठाये गये कदम का स्वागत करते हैं। और वुहान में जो माहौल बना था उसे आगे भी बनाये रखा जाएगा।''वुहान बैठक तब आयोजित किया गया था जब भारत व चीन के रिश्ते बेहद तल्ख थे। डोकलाम विवाद के बाद दोनो देशों के बीच काफी तनाव चल रहा था लेकिन वुहान बैठक ने रिश्तों को सामान्य बनाने में काफी मदद की है। उसके बाद चीन ने कई भारतीय उत्पादों के लिए अपने बाजार को खोला है।Posted By: Prateek Kumar
Source: Dainik Jagran May 02, 2019 15:56 UTC