कोलकाता, एएनआइ । पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद जारी हिंसा पर केंद्र सरकार की एडवाइजरी आने के बाद बंगाल में टीएमसी के नेता बौखला उठे हैं। ममता बनर्जी सरकार में मंत्री और टीएमसी के नेता पार्थ चटर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। टीएमसी नेता पार्थ चटर्जी ने बीजेपी पर गृह मंत्रालय के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पार्थ चटर्जी के मुताबिक, बीजेपी गृह मंत्रालय का इस्तेमाल राजनीतिक षड़यंत्र के लिए कर रही है।टीएमसी नेता पार्थ चटर्जी ने कहा, 'जब उत्तर प्रदेश और गुजरात में बच्चे और यादव समुदाय के लोगों को मारा गया तब आप (मतलब बीजेपी) कहां थी ? बीजेपी बंगाल में हिंसा कराकर हालात खराब कर रही है, हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या कर रही है। बीजेपी, गृह मंत्रालय का इस्तेमाल राजनीतिक षड़यंत्र के लिए कर रही है। बीजेपी हिंसा के जरिए बंगाल में माहौल खराब कर रही है। दो दिनों पहले गंगारामपुर में उन्होंने पुलिसकर्मी को निशाना बनाया। दिल्ली में बैठे बीजेपी के नेता बंगाल के हालात को नहीं समझ पा रहे हैं।' ये सारी बातें पार्थ चटर्जी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहीं। ये प्रेस कॉन्फ्रेंस केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा बंगाल में कानून व्यवस्था के हालात को देखते हुए जारी एडवाइजरी के बाद की गई।उन्होंने आगे कहा, 'बीजेपी लोकतंत्र में भरोसा नहीं रखती है। लिहाजा हमें बीजेपी से सीखने की जरूरत नहीं है, हम इन हालातों से खुद ही निपट लेंगे।'बता दें, पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भी जारी हिंसा और लोगों की मौत पर केंद्र सरकारी मे सख्त रुख अपना लिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बेहद तल्ख शब्दों में पश्चिम बंगाल सरकार को एडवाइजरी जारी करते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने कहा है। पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान और उसके बाद भी हिंसा जारी है। यहां चुनाव बाद भी हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। बंगाल में लगातार बढ़ रही हिंसा राज्य में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में हिंसा की घटनाओं पर राज्य सरकार से रिपोर्ट भी मांगी है।इससे पहले पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में शनिवार रात तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में हुए खूनी संघर्ष से बंगाल में सियासी उबाल आ गया। तीन कार्यकर्ताओं की मौत से नाराज भाजपा ने रविवार को राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन किया।इस दौरान पुलिस से हिंसक झड़पें हुईं हैं। पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया। इसको लेकर बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी दिल्ली पहुंचे और घटना एवं उसके बाद पैदा हुए गंभीर हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक की।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Shashankp
Source: Dainik Jagran June 10, 2019 03:14 UTC