लॉस एंजिलिस, आइएएनएस। मुंबई के हिपहॉप डांस ग्रुप ‘द किंग्स’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। 17 से 21 साल की उम्र के 14 डांसरों के इस ग्रुप ने अमेरिकी रियलिटी शो ‘वर्ल्ड ऑफ डांस’ जीत लिया है। शो की विजेता ट्रॉफी के साथ उन्हें दस लाख डॉलर (करीब सात करोड़ रुपये) का नकद इनाम भी मिला।गत 26 फरवरी को शुरू हुए इस डांस शो के अंतिम राउंड में द किंग्स के साथ कनाडा के कंटेम्परी डांसर ब्रायर नोलेट, एली व इवा नाम की बहनों की जोड़ी, दक्षिण कैलिफोर्निया का डांस ग्रुप और फिलीपींस के हिप-हॉप ग्रुप वीपेप्ज ने जगह बनाई थी। अपनी आखिरी प्रस्तुति से द किंग्स ने शो की जज जेनिफर लोपेज, नेयो, और डेरेक हफ का दिल जीत लिया। तीनों ही जज ने उन्हें पूरे 100 अंक दिए थे। इस जीत के बाद ‘द किंग्स’ के कोरियोग्राफर सुरेश ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ‘अब हम कह सकते हैं कि भारतीय डांस शिखर पर है। यह हमारी जिंदगी का सबसे बेहतरीन अनुभव है। मुंबई के वसई और नालासोपारा की गलियों से निकलकर विश्व चैंपियन बनने का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण और रोमांचकारी था।’द किंग्स ग्रुप इंडियाज गॉट टैलेंट का तीसरा सीजन जीतने के बाद चर्चा में आया था। 2015 में यह ‘वर्ल्ड हिप हॉप चैंपियनशिप’ में तीसरा स्थान हासिल करने वाला पहला भारतीय ग्रुप बना था। राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा समेत कई डांसरों और कोरियोग्राफरों ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और मैसेज शेयर कर ‘द किंग्स’ को बधाई दी है।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Sanjay Pokhriyal
Source: Dainik Jagran May 07, 2019 06:22 UTC