राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आबकारी नीति घोटाले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के 48 घंटे बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि भाजपा के सत्ता से हटने का काउंटडाउन शुरू हो गया है।जंतर-मंतर पर पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आबकारी घोटाले मामले को राजनीतिक केस कहा और प्रधानमंत्री और शाह पर इस केस में उन्हें फंसाने की साजिश करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट ने इस ऐतिहासिक फैसले में साबित कर दिया कि वह कट्टर ईमानदार व्यक्ति हैं।आम आदमी पार्टी द्वारा जंतर मंतर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मंच पर उपस्थित पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी व अन्य । चंद्र प्रकाश मिश्र भाजपा के 12 साल के राज में सभी सेक्टर बर्बाद हो गए- केजरीवाल रैली में कई राज्यों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सबसे डरते हैं और कहा कि जब उच्च पद पर बैठा कोई व्यक्ति डरता है, तो यह उसके राज के खत्म होने का संकेत होता है। केजरीवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक को जेल भेज दिया, जो एक बड़े साइंटिस्ट हैं और बच्चों की शिक्षा के लिए काम करते थे।पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश में भाजपा के 12 साल के राज में सभी सेक्टर बर्बाद हो गए और सड़कों, हेल्थकेयर, शिक्षा और सफाई वगैरह की हालत खराब हो गई है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजन पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि लोग चाहते हैं कि रहने लायक भारत ही बना दो। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सत्ता के लिए काम करते हैं और वह देश के लिए काम करते हैं।केजरीवाल ने कांग्रेस का किया जिक्र केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने अपनी इस बात के समर्थन में आईआईटी से अच्छे नंबरों से पास होने के बाद भी अमेरिका ना जाने से भी जोड़ा। इसी के साथ ही उन्होंने आय कर आयुक्त की नौकरी के साथ साथ दिल्ली में अपने 10 साल के कार्यकाल का भी जिक्र किया। केजरीवाल ने कहा कि 4 अप्रैल, 2011 को जंतर-मंतर पर जमा हुए लोगों ने जब हुंकार लगाई थी तो उस समय कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई थी। उन्होंने कहा कि आप की रैली ऐतिहासिक है और भाजपा के सत्ता से हटने का काउंटडाउन शुरू हो गया है।केजरीवाल ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर भी हमला बोला और दिल्ली शहर को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कें टूटी हुई हैं, घरों में गंदा पानी आ रहा है और वायु प्रदूषण की वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है।केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर 10 हजार बस मार्शल, डीटीसी चालकों, कंडक्टरों, मोहल्ला क्लीनिक के कर्मचारियों और अस्पताल में काम करने वाले डेटा इंट्री ऑपरेटर को भी नौकरी से निकालने का आरोप लगाया, कहा कि दिल्ली में चुनाव हो जाएं तो भाजपा की 10 भी सीट नहीं आएंगी।
Source: Dainik Jagran March 01, 2026 16:50 UTC