इस्लामिक बैंकिंग और हलाल निवेश फर्म आई मॉनेटरी एडवाइजरी (आईएमए) के सैकड़ों निवेशकों ने मंगलवार को भी कंपनी के ऑफिस पर प्रदर्शन किया। फरार हो चुके आईएमए के फाउंडर मोहम्मद मंसूर खान का कथित ऑडियो सामने आया है जिसमें खान ने कहा है कि वह आत्महत्या कर रहा है। वह नेताओं और अफसरों को रिश्वत देते-देते थक गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत और कुछ अन्य देशों में आईएमए के 10,000 निवेशक हैं जिन्होंने कंपनी में 2,000 करोड़ रुपए का निवेश कर रखा है।आईएम के फाउंडर खान ने ऑडियो में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और शिवाजीनगर विधायक आर रोशन बेग पर भी आरोप लगाए हैं। खान ने कहा है कि विधायक बेग ने उसके 400 करोड़ रुपए लौटाने से इनकार कर दिया। उसकी जान को भी खतरा था। पुलिस यह पता नहीं लगा पाई है कि क्या खान ने हकीकत में आत्महत्या कर ली है। खान और उसके परिवार के सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।एक निवेशक ने कहा कि उसने पिछले साल 25 लाख रुपए का निवेश किया था। 9 महीने तक उसे रिटर्न मिला, लेकिन चुनाव शुरू होने पर आईएमए ने कहा कि नकदी की कमी है इसलिए 2 महीने इंतजार कीजिए। 2 दिन पहले हमें आईएमए के मालिक का मैसेज मिला कि वह सुसाइड कर रहा है।खान की ऑडियो क्लिप वॉट्सऐप पर वायरल होने के बाद सैकड़ों निवेशकों ने सोमवार को भी शिवाजीनगर स्थित आईएमए के शोरूम पर हमले की कोशिश की। पुलिस ने स्थिति संभाल ली।2006 में शुरू हुई आईएमए ने निवेशकों को हर महीने 14 से 18% तक तक रिटर्न का वादा किया था। इसके ज्यादातर निवेशक मुस्लिम समुदाय के लोग हैं। आईएमए ने ज्वेलरी, रिएल एस्टेट, बुलियन ट्रेडिंग, फार्मेसी, पब्लिशिंग, एजुकेशन और हेल्थकेयर सेक्टर में कारोबार फैला रखा है।
Source: Dainik Bhaskar June 11, 2019 09:11 UTC