अग्निशमन यंत्र के काम न करने की बात आई सामनेबलरामपुर : मथुरा बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार रात बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक की मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में बदल गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह रही कि पेट्रोल पंप पर आग बुझाने का यंत्र भी उस समय काम नहीं आया। बताया जा रहा है कि वह काम ही नहीं कर रहा था।ललिया थाना क्षेत्र के हल्लरहिया, मथुरा बाजार निवासी लुकमान 30 शनिवार रात करीब 9:30 बजे अपनी ड्रीम योगा बाइक (UP47 R 7631) में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट की, उसमें अचानक तेज कंपन हुआ और चिंगारी उठी। कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।आग लगते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कर्मचारी और स्थानीय लोग तुरंत सतर्क हुए और सूझबूझ दिखाते हुए जलती बाइक को खींचकर पंप से दूर सड़क किनारे ले गए। इस दौरान पंप पर खड़ी अन्य गाड़ियों और पेट्रोल टैंक तक आग पहुंचने का खतरा बना रहा। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।सूचना मिलते ही मथुरा बाजार चौकी प्रभारी प्रतीक पांडे और हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात का जायजा लिया और भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए।आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक सवार लुकमान पूरी तरह सुरक्षित बच निकले और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या पेट्रोल लीकेज मानी जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दहशत में हैं और पेट्रोल पंप पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Source: Dainik Bhaskar March 30, 2026 01:01 UTC