वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह के मामले में जून महीने में पिछले चार महीनों का सबसे कमजोर आंकड़ा सामने आया है। पिछले महीने जीएसटी संग्रह एक लाख करोड़ रुपये से भी नीचे रहा है जो कि चार महीनों में सबसे कम है। यह आंकड़ा जून में 99,939 करोड़ रुपये रहा है।गौरतलब है कि अंतरिम बजट में जो लक्ष्य घोषित किया गया था, उसे प्राप्त करने के लिए प्रत्येक महीने जीएसटी संग्रह 1.3 लाख करोड़ रुपये होना आवश्यक है। अब जीएसटी संग्रह के आंकड़े बताते हैं कि यदि 5 जुलाई को पेश होने वाले बजट में भी अंतरिम बजट का लक्ष्य बरकरार रखा गया तो इसे प्राप्त करना मुश्किल हो सकता है।वित्त मंत्रालय द्वारा जारी किये गए आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में जीएसटी संग्रह में केवल 4.5 फीसद की मामूली वृद्धि हुई। इसमें मई में 6 फीसद की तेजी देखी गई थी। एक्सपर्ट्स के अनुसार, जीएसटी संग्रह में मामूली वृद्धि चिंता का विषय है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में ऑडिट और जांचें बढ़ाई जा सकती हैं।सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में केंद्रीय जीएसटी संग्रह 18,366 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी संग्रह 25,353 करोड़ रुपये, एकीकृत जीएसटी 47,772 करोड़ रुपये और उपकर संग्रह 8,457 करोड़ रुपये रहा है। बता दें कि मई में जीएसटी संग्रह एक लाख करोड़ रुपये, अप्रैल में 1.13 लाख करोड़ रुपये और मार्च में 1.06 लाख करोड़ रुपये रहा था। सरकार लगातार टैक्स चोरी को रोकने के प्रयास कर रही है। इसमें डेटा विश्लेषण, ई-वे बिल प्रणाली, ई-एनवॉइसिंग प्रणाली और रिटर्न के नए प्रारूप की व्यवस्थाएं शामिल है।Posted By: Pawan Jayaswal
Source: Dainik Jagran July 02, 2019 05:35 UTC